अमरपुर में दिनदहाड़े डबल मर्डर से सनसनी, बाइक सवार बदमाशों ने दो युवकों को गोलियों से भूना, एक घायल फरार

बांका/अमरपुर:बिहार के बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर हुई अंधाधुंध फायरिंग ने पूरे इलाके को दहला दिया। रतनपुर मकदुमा पंचायत के बलिया संथाली टोला के समीप बाइक सवार बदमाशों ने तीन युवकों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गोली लगने के बावजूद जान बचाकर घटनास्थल से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश के साथ-साथ पूरे मामले की जांच में जुटी है।

घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद अमरपुर थाना पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की गई और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

मृतकों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अमरपुर के गरीबपुर पंचायत स्थित धर्मराय गांव निवासी 35 वर्षीय गुंजन सिंह तथा 33 वर्षीय सिद्धू सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुंजन गांव में रहकर खेती-किसानी करता था, जबकि सिद्धू मुंबई में निजी नौकरी करता था और कुछ दिन पहले ही अपने गांव आया था।

पहले से घात लगाए बैठे थे हमलावर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर गांव की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे बलिया संथाली टोला के पास मैदान के समीप पहुंचे, पहले से स्कॉर्पियो में मौजूद बदमाशों ने उन्हें रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले में गुंजन और सिद्धू को कई गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरा युवक घायल होने के बावजूद किसी तरह जान बचाकर वहां से निकलने में सफल रहा।

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे, एक बाइक और मृतकों का मोबाइल फोन बरामद किया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

फरार हमलावरों की तलाश तेज

घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जिले की सीमाओं पर वाहनों की जांच तेज कर दी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। घायल युवक के बयान के आधार पर भी पुलिस महत्वपूर्ण सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।

इलाके में दहशत का माहौल

दिनदहाड़े हुई इस दोहरे हत्याकांड के बाद अमरपुर और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • ये भी पढ़े..

    भागलपुर में जमीन की खरीद-बिक्री पर बड़ी रोक, 30 जून 2027 तक नहीं होगा नया निर्माण

    Share Add as a preferred…

    बिहार के हर जिला मुख्यालय में होगा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर पार्क या सड़क, सरकार का बड़ा फैसला

    Share Add as a preferred…