
पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में मझौलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत बारात में जा रही DJ गाड़ियों से कथित वसूली का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है।
घटना 28 अप्रैल की रात की बताई जा रही है, जब बारात के साथ जा रही कुछ DJ गाड़ियों को पुलिस गश्ती दल ने रास्ते में रोक लिया था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वायरल वीडियो में पुलिसकर्मियों पर परमिशन के नाम पर “खर्चा-पानी” मांगने के आरोप लगाए गए हैं। वीडियो में यह भी दिखा कि कैमरा ऑन होते ही कुछ पुलिसकर्मी मौके से हटते नजर आए, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
मामला तूल पकड़ने के बाद डॉ. शौर्य सुमन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मझौलिया थाना की गश्ती टीम में शामिल पुलिस अवर निरीक्षक जनार्दन पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
इसके अलावा वीडियो में दिख रहे दो गृहरक्षकों बलिराम महतो और पन्नालाल चौधरी का अप्रैल 2026 का वेतन रोक दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
माहौल हुआ गर्म
एसपी के इस बड़े एक्शन के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। स्थानीय स्तर पर लोग इस कार्रवाई को पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में एक सख्त कदम मान रहे हैं, वहीं प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।


