राज्यसभा चुनाव के बाद AIMIM का कांग्रेस और RJD पर हमला, ‘बी-टीम’ के आरोपों पर उठाए सवाल

बिहार की राजनीति में लंबे समय से चल रही ‘बी-टीम’ की बहस के बीच एआईएमआईएम ने कांग्रेस और राजद पर तीखा हमला बोला है। राज्यसभा चुनाव में मिली हार और क्रॉस वोटिंग के बाद एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता आदिल हसन ने एक वीडियो जारी कर विपक्षी दलों की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं।

आदिल हसन ने कहा कि जो दल अब तक ओवैसी और एआईएमआईएम पर भाजपा की ‘बी-टीम’ होने का आरोप लगाते रहे हैं, आज उनके ही विधायक भाजपा के पक्ष में खड़े नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम का रुख हमेशा स्पष्ट रहा है और पार्टी ने हर मौके पर भाजपा के खिलाफ मतदान किया है।

उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम ने न केवल इस राज्यसभा चुनाव में बल्कि इससे पहले उपराष्ट्रपति चुनाव सहित कई महत्वपूर्ण मौकों पर भी भाजपा के खिलाफ अपना रुख साफ रखा है।

कांग्रेस और राजद को आत्ममंथन की सलाह

आदिल हसन ने कांग्रेस और राजद के नेतृत्व को आत्ममंथन करने की सलाह देते हुए कहा कि जनता सब कुछ देख रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कुछ नेता प्रचार कहीं और करते हैं और वोट कहीं और दे देते हैं।

हसन ने कहा कि ऐसे हालात में अब देश और बिहार की जनता तय करेगी कि असली ‘बी-टीम’ कौन है। उनका कहना था कि राजनीतिक दलों को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने घर के भीतर झांकने की जरूरत है।

  • Related Posts