
बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन नवनिर्वाचित विधायकों का शपथ ग्रहण कराया गया। इसी दौरान एक दिलचस्प राजनीतिक दृश्य देखने को मिला, जब नीतीश सरकार के मंत्री जमा खान शपथ लेने के बाद आरजेडी विधायक ओसामा शहाब से हाथ मिलाते और उनसे गर्मजोशी से बातें करते नजर आए। इतना ही नहीं, जमा खान ने ओसामा को अपने घर आने का न्योता भी दिया और कहा कि वह उनके “भाई जैसे” हैं।
पहले दिन 243 विधायकों ने ली शपथ
सोमवार को शीतकालीन सत्र की शुरुआत के साथ ही कुल 243 विधायकों ने प्रोटेम स्पीकर नरेन्द्र नारायण यादव के सामने शपथ ली। इसी के साथ 18वीं बिहार विधानसभा की कार्यवाही औपचारिक रूप से शुरू हो गई।
ओसामा शहाब की सदन में एंट्री
सीवान के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब ने इसी सत्र के साथ अपनी सक्रिय राजनीतिक यात्रा की शुरुआत की। उन्होंने रघुनाथपुर सीट पर जेडीयू उम्मीदवार विकास सिंह को हराकर विधानसभा में प्रवेश किया है। उनके जीतने के बाद से ही ओसामा राजनीतिक चर्चा के केंद्र में बने हुए थे, और आज उन्होंने विधायक पद की शपथ ग्रहण कर ली।
शपथ के बाद बदला माहौल, मंत्री जमा खान पहुंचे मिलने
शपथ ग्रहण के बाद विधानसभा की कार्यवाही समाप्त होते ही एक अलग ही दृश्य सामने आया। ओसामा अपनी गाड़ी में बैठकर निकलने ही वाले थे कि तभी जेडीयू कोटे के मंत्री जमा खान अचानक उनके पास पहुंचे। उन्होंने आगे बढ़कर ओसामा से हाथ मिलाया और कहा—
“घर आइए, वह मेरे छोटे भाई हैं। इसमें दिक्कत क्या है?”
ओसामा ने भी मुस्कुराते हुए जवाब दिया—
“ज़रूर आएंगे।”
मौके पर मौजूद मीडिया ने जब इस मुलाकात के राजनीतिक मायने पूछे तो जमा खान ने सवालों को टालते हुए कहा कि सभी विधायक उनके भाई जैसे हैं और विकास के मुद्दों पर सब मिलकर काम करते हैं। हालांकि जिस तरह से वह ओसामा के प्रति स्नेह और गर्मजोशी दिखाते नजर आए, उसे देखकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
राजनीतिक संकेतों को लेकर चर्चा तेज
मंत्री जमा खान का यह व्यवहार सामान्य राजनीतिक शिष्टाचार है या इसके पीछे कोई राजनीतिक संदेश—यह सवाल अब चर्चा का विषय बन गया है। विपक्ष से लेकर सत्ता पक्ष तक, सभी इस मुलाकात के राजनीतिक संकेतों को समझने की कोशिश में जुटे हैं।


