भागलपुर। बिहार के भागलपुर में हाल ही में चर्चा में आए “ऑपरेशन सिंदूर” के बाद एक अनोखा किस्सा सामने आया है। भागलपुर के बाग़ान में उगे एक खास किस्म के आम का नाम ‘सिंदूर’ रखा गया, और अब इस आम ने बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) की 11वीं आम प्रदर्शनी में प्रथम पुरस्कार जीतकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
दो कुलपति भी सिंदूर आम पर ठिठके
प्रदर्शनी का मुआयना करने पहुंचे मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय कुमार और बीएयू के कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह भी जब ‘सिंदूर’ आम के करीब पहुंचे तो उसकी खूबसूरती और अनोखे नाम पर ठिठक गए। मौके पर मौजूद मैंगोमैन अशोक चौधरी ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद बागान में लगे इस आम को खासतौर पर ‘सिंदूर’ नाम दिया गया है।
अब सिंदूर आम पर होगा वैज्ञानिक शोध
बीएयू के कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह ने बताया कि ‘सिंदूर’ आम को अब कृषि वैज्ञानिकों की लैब में विश्लेषण के लिए भेजा जाएगा। इसके कंटेंट और गुणवत्ता पर शोध कर इसे किसानों के लिए नया फलदार विकल्प बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा —
“सिंदूर आम की गुणवत्ता, स्वाद और बाजार संभावनाओं का वैज्ञानिक आकलन कर इसके व्यावसायिक उत्पादन पर विचार किया जाएगा।”
ऑपरेशन सिंदूर के बाद आम बना ‘सिंदूर’ अब आम के बागानों की शान बनने को तैयार।


