
Mulayam Singh Yadav के छोटे बेटे Prateek Yadav का 38 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उनकी मौत की वजह साफ नहीं हो सकी है।
प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav के सौतेले भाई थे। उनके निधन की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
राजनीति से दूर रहे प्रतीक यादव
प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। हालांकि यादव परिवार की मजबूत राजनीतिक पृष्ठभूमि होने के बावजूद उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी। उन्होंने कभी कोई चुनाव नहीं लड़ा और न ही किसी राजनीतिक दल में कोई अहम पद संभाला।
प्रतीक रियल एस्टेट और फिटनेस बिजनेस से जुड़े हुए थे। उन्हें फिटनेस और पशु कल्याण से जुड़े कामों के लिए भी जाना जाता था। उन्होंने यूनाइटेड किंगडम की लीड्स यूनिवर्सिटी से MBA की पढ़ाई की थी।
अपर्णा यादव संग रिश्ते को लेकर रहे चर्चा में
Aparna Yadav और प्रतीक यादव की शादी साल 2011 में हुई थी। अपर्णा यादव ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत समाजवादी पार्टी से की थी, लेकिन जनवरी 2022 में वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई थीं।
हाल के महीनों में दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। जनवरी 2026 में प्रतीक यादव की एक सोशल मीडिया पोस्ट काफी चर्चा में रही थी, जिसमें उन्होंने वैवाहिक रिश्तों को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। हालांकि बाद में परिवार की ओर से इस मामले पर कोई सार्वजनिक बयान नहीं आया।
2017 में चुनाव भी लड़ चुकी हैं अपर्णा यादव
अपर्णा यादव ने 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लखनऊ कैंट सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि उन्हें Rita Bahuguna Joshi से हार का सामना करना पड़ा था।
प्रतीक यादव के निधन के बाद यादव परिवार और उनके समर्थकों में शोक का माहौल है।


