भागलपुर के लाल आदित्य आनंद बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, CDS-1 2025 में AIR 225 हासिल कर रचा कीर्तिमान

भागलपुर।नवगछिया अनुमंडल के तेतरी गांव के लिए यह दिन गर्व से भरा है। गांव के होनहार बेटे आदित्य आनंद ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा (CDS-1) 2025 में ऑल इंडिया रैंक 225 हासिल कर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने का सपना साकार कर लिया है। आदित्य की इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी और उत्साह का माहौल है।

आदित्य आनंद, शशि भूषण चौधरी के पुत्र हैं, जो पशुपालन विभाग, नवगछिया से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनकी माता ममता देवी गृहिणी हैं। साधारण परिवार में जन्मे आदित्य ने कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।

शिक्षा से सेना तक का सफर
आदित्य की प्रारंभिक पढ़ाई ननिहाल, बेगूसराय जिले के बिहट में हुई। इसके बाद उन्होंने DAV पब्लिक स्कूल, एचएफसी बरौनी से वर्ष 2017-18 में मैट्रिक और सेंट पॉल स्कूल, तेघड़ा से 2019-20 में इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। आगे उन्होंने नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी से 2020 से 2023 के बीच जियोग्राफी ऑनर्स में स्नातक की डिग्री हासिल की।

चार प्रयासों में मिली सफलता
लेफ्टिनेंट बनने की राह आसान नहीं थी। आदित्य ने CDS परीक्षा के लिए चार बार प्रयास किया। पहले तीन प्रयासों में लिखित परीक्षा पास करने के बावजूद वे अंतिम मेरिट सूची से चूक गए। इसके बाद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और सेल्फ स्टडी के जरिए अपनी तैयारी जारी रखी। चौथे प्रयास में CDS-1 2025 की लिखित परीक्षा पास करने के बाद उन्होंने प्रयागराज स्थित 14 SSB में पांच दिनों तक चले कठिन साक्षात्कार को भी सफलतापूर्वक पार कर लिया। मेडिकल जांच के बाद उनका चयन अंतिम मेरिट सूची में हुआ।

गांव से लेकर जिले तक जश्न
आदित्य आनंद की सफलता से तेतरी गांव, नवगछिया और पूरे भागलपुर जिले में जश्न का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आदित्य ने यह साबित कर दिया कि संसाधन कम हों, लेकिन यदि लक्ष्य स्पष्ट और मेहनत सच्ची हो, तो सफलता जरूर मिलती है। उनकी यह उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन गई है।

  • ये भी पढ़े..

    डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि, अगले वर्ष उनके नाम पर बनेगा भव्य पार्क

    Share Add as a preferred…

    पासपोर्ट सेवा दिवस 2026: बिहार के सभी 40 लोकसभा क्षेत्रों तक पहुंची पासपोर्ट सेवा, 24 जून को जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन

    Share Add as a preferred…