NH-80 पर तेज रफ्तार बनी काल, स्कूटी के पास खड़े थे रवि, चंद सेकंड में उजड़ गया परिवार

ढाबे के बाहर खड़े युवक को बोलेरो ने रौंदा, मौके पर मौत

भागलपुर (कहलगांव)।NH-80 पर रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। कहलगांव थाना क्षेत्र के जानमहम्मदपुर स्थित “रॉयल दरबार ढाबा” के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर ने सड़क किनारे खड़े युवक को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान बभंगामा निवासी रवि कुमार (पिता– जुगल यादव) के रूप में हुई है।

ढाबे के बाहर खड़े थे, पल भर में छिन गई जिंदगी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रवि ढाबे के बाहर अपनी स्कूटी खड़ी कर सड़क किनारे खड़े थे। तभी नो-एंट्री जोन से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। पहले स्कूटी को चपेट में लिया, फिर सीधे रवि को रौंदते हुए आगे निकल गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी बोलेरो के नीचे फंसकर चकनाचूर हो गई और रवि गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग दौड़ पड़े और तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिजनों में कोहराम, गांव में मातम

मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां-बाप और परिजन अस्पताल में शव देखकर फूट-फूटकर रो पड़े। गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का कहना है कि रवि ही घर का सहारा था, उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है।

पुलिस ने बोलेरो जब्त की, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही कहलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो कैंपर वाहन को जब्त कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।

स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि NH-80 पर तेज रफ्तार वाहन आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं। ढाबों और भीड़भाड़ वाले इलाकों के पास न तो स्पीड ब्रेकर हैं और न ही कोई चेतावनी बोर्ड। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सुरक्षा उपायों की मांग की है।

अब सवाल ये है—
आखिर कब थमेगा NH-80 पर रफ्तार का कहर?
कब तक यूं ही सड़कें लोगों की जिंदगियां निगलती रहेंगी?

  • ये भी पढ़े..

    बीड़ी और खनन श्रमिकों के बच्चों के लिए बड़ी राहत, केंद्र सरकार दे रही 1,000 से 25,000 रुपये तक की छात्रवृत्ति

    Share Add as a preferred…

    पीएम सूर्य घर योजना में बिहार का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, सरकारी भवनों के सौर ऊर्जाकरण के लिए मिला प्रतिष्ठित सम्मान

    Share Add as a preferred…