गया में बिहार विधानसभा का दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम शुरू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने किया उद्घाटन; विधायकों को मिलेगा संसदीय प्रशिक्षण

गया: बिहार विधानसभा के सदस्यों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार (11 जुलाई) को गया में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने किया। बिहार विधानसभा सचिवालय, प्राइड, लोकसभा सचिवालय और बिपार्ड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 7 सत्र आयोजित किए जाएंगे।

विधायकों के क्षमता विकास की अहम पहल

बिहार विधानसभा के स्पीकर डॉ. प्रेम कुमार ने कार्यक्रम को विधायकों के क्षमता विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से नवनिर्वाचित और वर्तमान विधायकों को संसदीय परंपराओं, विधायी प्रक्रियाओं, सदन की कार्यवाही, शिष्टाचार और जनहित से जुड़े विषयों की गहन जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से विधायक जनता की समस्याओं को विधानसभा में अधिक प्रभावी ढंग से उठा सकेंगे।

सत्ता और विपक्ष के विधायक एक मंच पर

स्पीकर ने बताया कि कार्यक्रम में सभी विधायकों को आमंत्रित किया गया है और सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्ष के सदस्य भी इसमें भाग ले रहे हैं।

कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा,

“यह बहुत अच्छा कार्यक्रम है। इसमें शामिल होने का अवसर मिला, इससे काफी खुशी है। ऐसे कार्यक्रम नियमित होने चाहिए क्योंकि इससे संसदीय कार्यप्रणाली और विधायकी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलती हैं।”

कई बड़ी हस्तियां रहीं मौजूद

उद्घाटन समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के अलावा बिहार के राज्यपाल सैयद आता हुसैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, दोनों उपमुख्यमंत्री, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, उपसभापति नरेंद्र यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

इन विषयों पर मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा विधायकों को कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिनमें शामिल हैं—

  • संसदीय प्रक्रिया एवं नियम
  • विधायकों के अधिकार एवं कर्तव्य
  • आचार संहिता
  • प्रश्नकाल की कार्यप्रणाली
  • कार्यपालिका की जवाबदेही
  • आधुनिक तकनीक का उपयोग
  • विधायी एवं बजट प्रक्रिया
  • विशेषाधिकार
  • प्रोटोकॉल
  • संसदीय समितियों की भूमिका

गया में पहली बार हो रहा आयोजन

यह पहली बार है जब बिहार विधानसभा का इस प्रकार का प्रबोधन कार्यक्रम गया में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में एक साथ सभी विधायकों, संसदीय विशेषज्ञों और लोकसभा व विधानसभा के वरिष्ठ अधिकारियों की भागीदारी हो रही है।

सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैफिक व्यवस्था बदली

कार्यक्रम को देखते हुए गया शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने शनिवार सुबह 8 बजे से विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। आम लोगों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

  • ये भी पढ़े..

    BPSSC Forest Range Officer Recruitment 2026: बिहार में फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर के 16 पदों पर भर्ती, 16 जुलाई से शुरू होंगे आवेदन

    Share Add as a preferred…

    ‘चारा घोटाले’ को लेकर RJD का BJP पर हमला, पूछा- एक ही मामले में मंत्री और उम्मीदवार के लिए अलग-अलग नियम क्यों?

    Share Add as a preferred…