दरभंगा में दर्दनाक सड़क हादसा, एक ही गांव के तीन युवकों की मौत, गांव में मचा कोहराम

बिहार के दरभंगा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा नेहरा थाना क्षेत्र में बीती देर रात घने कोहरे के कारण हुआ। दुर्घटना में जान गंवाने वाले तीनों युवक एक ही गांव के रहने वाले थे, जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया है।

धुंध और सांड बना हादसे की वजह

हादसा नेहरा गांव के समीप उस समय हुआ, जब घने कोहरे के बीच सड़क पर अचानक सामने आए सांड को बचाने की कोशिश में एक कार अनियंत्रित हो गई। कार सड़क से करीब 15 फीट नीचे नहर में जा गिरी। बताया जा रहा है कि कार में सवार युवक जगदीशपुर स्थित अपने बहनोई के घर से नेहरा गांव लौट रहे थे।

गांव से एक किलोमीटर पहले हुआ हादसा

जैसे ही कार नेहरा गांव से लगभग एक किलोमीटर पहले पहुंची, चालक घने कोहरे के कारण सड़क पर खड़े सांड को समय रहते नहीं देख सका। संतुलन बिगड़ते ही कार पलट गई और नहर में गिर गई, जिससे कार में सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान

दरभंगा में दर्दनाक सड़क हादसा, एक ही गांव के तीन युवकों की मौत, गांव में मचा कोहराम

हादसे में मृतकों की पहचान शंभू कुमार यादव (27), अजय कुमार साहनी (28) और सुजीत कुमार साहनी (28) के रूप में हुई है। तीनों नेहरा गांव के निवासी थे और आपस में गहरे दोस्त थे।

  • शंभू कुमार यादव किसान थे और परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे।
  • अजय कुमार साहनी मखाना और मछली के व्यवसाय से जुड़े हुए थे।
  • सुजीत कुमार साहनी की पत्नी छह माह की गर्भवती है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कार से शवों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर नेहरा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और नहर से कार निकलवाकर शवों को कब्जे में लिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच दरभंगा भेज दिया गया।

नेहरा थानाध्यक्ष निलेश कुमार ने बताया,
“सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पानी से गाड़ी को बाहर निकाला गया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया है।”

गांव में शोक, मुआवजे की मांग

एक साथ तीन युवकों की असमय मौत से पूरे नेहरा गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।


 

  • ये भी पढ़े..

    भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में प्रशांत किशोर का बड़ा हमला: “सिर्फ पुलिस नहीं, आदेश देने वालों की भी हो जांच”

    Share Add as a preferred…

    खान सर-रोशन आनंद विवाद में अवध ओझा की एंट्री! बोले- “मैंने पहले ही खान सर को मैसेज कर कहा था, मामला बढ़ाओ मत”

    Share Add as a preferred…