भागलपुर, 29 जुलाई | कहलगांव शहर के गांगुली पार्क चौक के पास एनएच-80 पर स्थित ऑटो स्टैंड के पास सोमवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में ऑटो स्टैंड कर्मचारी वीरेंद्र कुमार सिंह (48) की मौत हो गई। तेज रफ्तार और गलत दिशा से आ रहे हाईवा ने उन्हें कुचल दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित लोगों ने हाईवा चालक को पकड़ कर उसकी पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक शराब के नशे में था।
सड़क किनारे खड़े थे वीरेंद्र
मृतक की पहचान शिवनारायणपुर के बभनगामा गांव निवासी वीरेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो स्व. विजय सिंह के पुत्र थे। हादसा उस समय हुआ जब वीरेंद्र सड़क किनारे खड़े थे। कहलगांव की ओर फ्लाई ऐश गिराकर लौट रहा हाईवा गलत दिशा से आते हुए वीरेंद्र को रौंदते हुए निकल गया।
स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अनुमंडल अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। पत्नी मीना देवी बार-बार मूर्छित हो रहीं थीं। मृतक की दो बेटियां हैं। वीरेंद्र अपने दो भाइयों में छोटे थे।
मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया। पूरे बभनगामा गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने हाईवा चालक को हिरासत में लिया
थानाध्यक्ष अतुलेश कुमार सिंह ने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की कानूनी प्रक्रिया जारी है। हाईवा को भी मौके पर ही जब्त कर लिया गया है।


