वंदे भारत एक्सप्रेस के ट्रेक्शन वायर से निकली तेज चिंगारी, डेहरी स्टेशन पर मची अफरातफरी; दो घंटे बाद रवाना हुई ट्रेन

रोहतास (बिहार): देवघर से वाराणसी जा रही हाईस्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस (22499) रविवार को तकनीकी खामी का शिकार हो गई। रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन रेलवे स्टेशन के पास अचानक ट्रेन के ट्रेक्शन तार से तेज चिंगारी निकलने लगी, जिससे यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए ट्रेन को तुरंत रोका गया और करीब दो घंटे तक मरम्मत के बाद उसे फिर से रवाना किया गया।

ट्रेक्शन वायर और पेंटो रॉड के बीच हुआ संपर्क विच्छेद

घटना उस समय हुई जब ट्रेन सोन नगर स्टेशन पार कर चुकी थी और डेहरी ऑन सोन स्टेशन की ओर बढ़ रही थी। इस दौरान बिजली से संचालित ट्रेक्शन तार से ट्रेन का संपर्क टूट गया। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, ट्रेन की छत पर लगे पेंटो रॉड में तकनीकी खराबी आ गई थी, जो ट्रेक्शन तार से विद्युत संपर्क बनाए रखता है। इसी संपर्क में आई गड़बड़ी के कारण रॉड और तार के बीच चिंगारी निकलने लगी।

यात्रियों में फैली घबराहट, मौके पर पहुंची रेलवे इंजीनियरिंग टीम

चिंगारी निकलते देख यात्रियों में दहशत फैल गई। कुछ देर के लिए प्लेटफॉर्म पर अफरातफरी का माहौल बन गया। रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर पेंटो रॉड और ट्रेक्शन वायर के बीच के संपर्क को सुधारने का कार्य शुरू किया। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद ट्रेन को वाराणसी की ओर रवाना किया गया।

गाड़ी में पहले से ही महसूस हो रही थी तकनीकी समस्या

जानकारी के मुताबिक, गया स्टेशन से ट्रेन को आगे बढ़ाने के बाद ही इंजन में हल्की तकनीकी गड़बड़ी महसूस की जा रही थी। लेकिन जैसे-जैसे ट्रेन सोन नगर की ओर बढ़ी, समस्या गंभीर होती चली गई। आखिरकार डेहरी ऑन सोन स्टेशन पर ट्रेन को रोककर सुधार कार्य कराया गया।

रेलवे प्रशासन की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं लगी, लेकिन ट्रेन की हाईस्पीड प्रकृति को देखते हुए समय रहते लिए गए फैसले से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। रेलवे प्रशासन की तत्परता की यात्रियों ने सराहना की, लेकिन सवाल यह भी उठने लगे हैं कि ऐसी तकनीकी खामी वंदे भारत जैसी अत्याधुनिक ट्रेन में कैसे आ गई।

  • Related Posts

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *