नवादा सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से बंदी फरार, पुलिस महकमे में मची अफरा-तफरी

नवादा: जिले के सदर अस्पताल से एक कैदी के फरार हो जाने की घटना ने पुलिस प्रशासन को सकते में डाल दिया है। पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए लाए गए कैदी ने कैदी वार्ड में बने शौचालय की खिड़की से कूदकर फरार होने में सफलता हासिल कर ली। घटना के बाद अस्पताल परिसर और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

नालंदा जिले का रहने वाला है फरार कैदी

फरार कैदी की पहचान नालंदा जिले के निवासी कृष्णा पासवान के पुत्र पहलाद कुमार सोनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पहलाद कुमार सोनी आर्म्स एक्ट समेत कई अन्य आपराधिक मामलों में मंडल कारा नवादा में बंद था। तबीयत खराब होने के कारण उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया था, जहां पुलिस की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था।

शौचालय की खिड़की से कूदकर हुआ फरार

बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान कैदी ने मौका पाकर कैदी वार्ड के शौचालय की खिड़की से छलांग लगा दी और अस्पताल परिसर से फरार हो गया। जब पुलिसकर्मियों को इसकी भनक लगी, तब तक कैदी फरार हो चुका था।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि फरार कैदी की गतिविधियों और भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

लापरवाही की जांच, छापेमारी तेज

फिलहाल पुलिस फरार कैदी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही पुलिस अभिरक्षा में हुई लापरवाही को लेकर भी जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई, जिसकी वजह से कैदी फरार होने में सफल रहा।

घटना के बाद सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार कैदी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • Related Posts

    भोजपुर में ‘खूनी’ हुआ क्रिकेट का मैदान! झोपड़ी में सो रहे युवक की कनपटी में मारी गोली; 22 साल के चंद्रशेखर की हत्या से दहला गांव

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    पटना सिटी में अपराधियों ने ईंट-भट्ठे के बुजुर्ग मुंशी की बेरहमी से हत्या; चेहरे को ईंटों से कूचा, इलाके में दहशत

    Share Add as a preferred…

    Continue reading