गया में विवाहिता की हत्या कर 8 फीट गड्ढा कर दफनाया, पुलिस ने जेसीबी से खोदकर शव निकाला

जहां एक लाख की दहेज की मांग पूरी नहीं किए जाने पर ससुराल वालों ने हैवानियत दिखाई. पहले विवाहिता की हत्या कर दी और फिर 8 फीट के करीब का गड्ढा खोदकर शव के ऊपर नमक और कंटीले पेड़ की टहनियां डालकर दफना दिया. विवाहिता की मौत के बाद पति घर छोड़कर फरार हो गया घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.

गया में दहेज के लिए हत्या : घटना गया के टिकारी थाना क्षेत्र के लाव गांव की है. ससुराल वाले ने शव इतने ज्यादा गहराई में दफनाया गया था कि पुलिस को जेसीबी मंगवानी पड़ी. जेसीबी से पुलिस ने गड्ढा खोदकर शव को बरामद कर लिया. मृतका की पहचान बेलागंज थाना क्षेत्र के सरोज देवी की पुत्री सुधा कुमारी के रूप में की गई है.

बीते साल ही हुई थी शादी: विवाहिता के शव को ससुराल वालों ने अपने घर लाव से दूर नोनी जलालपुर गांव के समीप नदी किनारे दफनाया था. मृतका की मां बेलागंज के जफरा गांव की सरोज देवी के अनुसार उसने अपनी पुत्री सुधा कुमारी की शादी 24 अप्रैल 2024 को पांच लाख रुपये दहेज और सोना चांदी देकर टिकारी के लाव में सत्येंद्र यादव के पुत्र सुनील कुमार के साथ की थी.

सुधा ने मां से बचाने की लगाई थी गुहार: मृतका की मां ने बताया कि शादी के बाद कुछ महीने ठीक रहा. फिर एक लाख रुपए दहेज की मांग को लेकर विवाहिता सुधा कुमारी को प्रताड़ित किया जाने लगा. इधर, 24 जनवरी को सुधा ने अपनी मां सरोज देवी से फोन पर बात की थी. जिसमें रो-रो कर कहा था कि मां हमको बचा लो नहीं तो यह सारे लोग मिलकर मार डालेंगे.

एक लाख दहेज की मांग: सुधा की मां सरोज देवी को अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद वह टिकारी थाना को पहुंची. टिकारी थाना में एक लिखित आवेदन दिया. जिसमें पुत्री को ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित करने और गायब कर देने का आरोप लगाया. सरोज देवी का आरोप था कि एक लाख दहेज की मांग दामाद सुनील कुमार व अन्य ससुराल वालों के द्वारा की जा रही है. जिसे नहीं देने पर उसकी हत्या की आशंका है.

ससुर ने खोला राज: पुलिस ने अनुसंधान शुरू की और फिर लिखित शिकायत के आधार पर हिरासत में सुधा के ससुर सत्येन्द्र प्रसाद से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया और बहू के शव को दफनाने की बात स्वीकारी. हालांकि ससुर सत्येंद्र प्रसाद का कहना है कि बहू ने या तो जहर खा लिया था या फिर फांसी लगा ली थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी. इसके बाद उन सभी ने मिलकर शव को गांव से दूर ले जाकर दफना दिया है.

जेसीबी की मदद से निकाला शव: इस खुलासे के बाद टिकारी पुलिस ने ससुर सत्येंद्र प्रसाद की निशानदेही पर नोनी जलालपुर गांव के मोरहर नदी के समीप चिन्हित स्थान पर गड्ढा खोदना शुरू किया, लेकिन गड्ढा इतना ज्यादा था कि जेसीबी मंगानी पड़ी. पुलिस द्वारा प्रतिनियुक्त किए गए मजिस्ट्रेट टिकारी सीओ मयंक शेखर की मौजूदगी में जेसीबी और सफाई कर्मियों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद शव को 8 फीट गड्ढे से निकाला गया. शव के ऊपर नमक और कंटीले पेड़ की टहनियां रखी गई थी, ताकि इसका खुलासा न हो सके और कोई जानवर भी शव को बाहर न निकाल सके.

पुलिस की कार्रवाई में तीन गिरफ्तार: पुलिस ने इस मामले में अब तक तीन लोगों की गिरफ्तारी कर ली है. गिरफ्तार लोगों में मृतका सुधा कुमारी का ससुर सत्येंद्र प्रसाद, लाव निवासी, ममेरा देवर नीतीश कुमार उर्फ सोनू श्रीपुर बेलागंज निवासी और बिपौली कुमार नोनी टिकारी का निवासी शामिल है. बिपौली कुमार ने डिस्पोजल का सामान लाया था और गड्ढा करने के लिए कुदाल आदि का जुगाड़ किया था. वहीं नमक भी मंगवाया गया था. फरार आरोपित मृतका के पति सुनील कुमार समेत अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

“जेसीबी से गड्ढा खोदकर शव को बरामद किया गया. करीब 7 से 8 फीट गड्ढा कर शव को दफनाया गया था. तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. शव के ऊपर नमक भी रखा हुआ था, जिससे कि शव का जल्द डिस्पोजल हो जाए. पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से विवाहिता की मौत का राज खुलेगा.”-चंद्रशेखर, थानाध्यक्ष टिकारी

  • Related Posts

    “राज्यसभा उपसभापति पद पर बड़ा बदलाव: नीतीश कुमार की संभावित नियुक्ति पर सियासी हलचल”

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया, अमित शाह और वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

    Share Add as a preferred…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *