बिहार में किराना व्यवसायी से 50 लाख की रंगदारी की मांग, पुलिस में शिकायत के बाद अपराधियों ने दी जान से मारने की धमकी

बिहार, वैशाली: जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला सराय थाना क्षेत्र के शीतल भकुरहर गांव का है, जहां एक प्रतिष्ठित किराना व्यवसायी से फोन पर रंगदारी की मांग की गई है। अपराधियों ने व्यवसायी को जान से मारने की धमकी देते हुए भारी रकम की मांग की है।

पीड़ित व्यवसायी जयनंदन साह ने बताया कि रंगदारी की मांग का सिलसिला 7 मार्च 2026 की रात करीब 8:30 बजे शुरू हुआ। पहली कॉल में अज्ञात अपराधी ने उनसे 10 लाख रुपये की मांग की और पैसे नहीं देने पर दुकान में घुसकर गोली मारने की धमकी दी।

पुलिस में शिकायत के बाद बढ़ाई रंगदारी

व्यवसायी के अनुसार, जब उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस से की तो अपराधियों ने दोबारा फोन कर रंगदारी की रकम बढ़ाकर सीधे 50 लाख रुपये कर दी। फोन पर अपराधी ने धमकी देते हुए कहा कि “तुमने थाना को फोन किया है, अब 10 लाख नहीं 50 लाख लगेंगे।”

ऑडियो रिकॉर्डिंग में सामने आई धमकी

पीड़ित द्वारा पुलिस को सौंपी गई ऑडियो रिकॉर्डिंग में अपराधी की आवाज बेहद आक्रामक बताई जा रही है। कॉल में अपराधी खुलेआम धमकी देते हुए कहता सुनाई दे रहा है कि वह दुकान में घुसकर “विकेट गिरा देगा” यानी जान से मार देगा और इसमें कोई पुलिस या प्रशासन उसे नहीं बचा पाएगा।

परिवार में दहशत का माहौल

जयनंदन साह ने बताया कि वह वर्ष 2013 से गांव में किराना दुकान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों द्वारा दी गई धमकी के बाद उनका पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने यह भी बताया कि उनका किसी से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है, फिर भी उन्हें इस तरह निशाना बनाया जा रहा है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

वैशाली के एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि पीड़ित व्यवसायी के आवेदन के आधार पर सराय थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्धों की पहचान होने की संभावना जताई जा रही है।

एसपी ने कहा कि पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • Related Posts

    पटना में वशिष्ठ नारायण सिंह से मिले निशांत कुमार, ‘बिहार यात्रा’ को लेकर दिया बड़ा संकेत

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    तेजस्वी यादव के नेतृत्व पर उठे सवाल, श्याम सुन्दर शरण ने विपक्ष की अंदरूनी दरारों का किया खुलासा

    Share Add as a preferred…

    Continue reading