
जमालपुर, 11 अगस्त 2025 –मंडल रेल प्रबंधक मालदा मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आजादी का अमृत महोत्सव और ‘हर घर तिरंगा अभियान – 2025’ के दूसरे चरण के तहत डीज़ल शेड, जमालपुर ने सोमवार को एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया।
रैली की शुरुआत डीज़ल शेड, जमालपुर से हुई और यह जमालपुर स्टेशन तक निकाली गई। इसमें स्थानीय नागरिक, स्टेशन मास्टर, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), बिहार पुलिस के जवानों समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
200 प्रतिभागियों ने लहराया तिरंगा
इस रैली का नेतृत्व वरिष्ठ डीएमई/डी, श्री के. के. दास ने किया। करीब 200 प्रतिभागियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत होकर तिरंगा लहराया। पूरे मार्ग में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से माहौल गूंज उठा।
रैली का उद्देश्य
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, एकता और सामुदायिक सौहार्द की भावना को प्रबल करना रहा। इस पहल से तिरंगे के प्रति भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाने के साथ-साथ स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को भी स्मरण किया गया।


