- पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह की उपस्थिति में BSTDC एवं चयनित निविदादाता कुमार इन्फ्राट्रेड के बीच एमओयू संपन्न
- ITC Hotels समूह द्वारा 140 कमरों वाला लक्जरी फाइव स्टार होटल अगले चार वर्षों में तैयार
- होटल निर्माण जन-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर होगा
राजधानी पटना में पर्यटकों को विश्वस्तरीय आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार का बड़ा कदम सामने आया है। आज पर्यटन विभाग, बिहार सरकार के सभागार में BSTDC, कुमार इंफ्राट्रेड एंटरप्राइजेज प्रा. लि. और ITC Hotels Ltd. के बीच पाँच सितारा होटल निर्माण हेतु एकरारनामा (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
माननीय पर्यटन मंत्री श्री राजू कुमार सिंह ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार राजधानी पटना में जन-निजी भागीदारी के तहत तीन फाइव स्टार होटल निर्माण की योजना पर कार्य कर रही है। इनमें सबसे पहले होटल पाटलिपुत्र अशोक की भूमि पर होटल निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई है।
परियोजना की मुख्य बातें :
- होटल पाटलिपुत्र अशोक, पटना की 1.5 एकड़ भूमि पर निर्माण।
- ITC Hotels द्वारा 140 कमरों वाला पाँच सितारा होटल।
- निविदादाता “Kumar Infratrade Enterprises Pvt. Ltd.” को परियोजना का कार्यभार।
- 11 वर्षों में ₹28.5 करोड़ + ब्याज की राशि जमा होगी।
- वार्षिक लाइसेंस प्रीमियम (YLP) ₹7.57 करोड़ + GST, हर 5 वर्षों में 10% वृद्धि।
- निर्माण कार्य 4 वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य।
अन्य प्रस्तावित परियोजनाएँ
- गांधी मैदान स्थित बांकीपुर बस स्टैंड परिसर में फाइव स्टार होटल (निविदा अंतिम चरण में)।
- सुल्तान पैलेस, बीरचंद पटेल पथ पर हेरिटेज होटल (समिति रिपोर्ट की प्रतीक्षा)।
- राजगीर में दो और वैशाली में एक फाइव स्टार होटल निर्माण की प्रक्रिया।
- वाल्मीकिनगर में गेस्ट हाउस को फाइव स्टार होटल में विकसित करने की योजना।
ITC Hotels के प्रतिनिधि श्री एच.डी. अनिल चड्ढा ने आश्वासन दिया कि तय समय सीमा के भीतर यह होटल बनकर तैयार होगा।
इस अवसर पर पर्यटन सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, BSTDC के प्रबंध निदेशक श्री नंदकिशोर, पर्यटन निदेशक श्री उदयन मिश्रा, महाप्रबंधक श्री चंदन चौहान सहित विभागीय पदाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।


