
पटना, बिहार के उभरते कलाकारों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब राज्य के टैलेंट को अपने सपनों को पूरा करने के लिए मुंबई का रुख नहीं करना पड़ेगा। बिहार सरकार ने फिल्म प्रमोशन पॉलिसी 2024 के तहत एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया है, जिसके जरिए स्थानीय कलाकारों को सीधे फिल्मों और प्रोजेक्ट्स में काम मिलने का रास्ता आसान हो गया है।
इस पहल के तहत बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम लिमिटेड (BSFDC) ने एक व्यापक डेटाबेस तैयार किया है, जिसमें कलाकारों से लेकर तकनीशियनों और सेवा प्रदाताओं तक सभी को जोड़ने की योजना है। इसका मकसद बिहार में तेजी से बढ़ रहे फिल्म उद्योग को स्थानीय प्रतिभाओं से जोड़ना और उन्हें बड़े बैनर की फिल्मों में अवसर दिलाना है।
एक क्लिक में रजिस्ट्रेशन, पूरी तरह मुफ्त सुविधा
नए टैलेंट के लिए सबसे बड़ी राहत यह है कि वे अब घर बैठे ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें केवल film.bihar.gov.in वेबसाइट पर जाकर अपना प्रोफाइल बनाना होगा। यह प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क है और रजिस्ट्रेशन के बाद संबंधित जानकारी का सत्यापन भी फिल्म निगम द्वारा किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, कलाकारों को अपने बायोडाटा, अनुभव, स्किल्स और कार्यक्षेत्र से जुड़ी पूरी जानकारी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। इससे फिल्म निर्माताओं को जरूरत के अनुसार टैलेंट चुनने में आसानी होगी। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और राज्यभर से बड़ी संख्या में कलाकार इसमें जुड़ रहे हैं।
फिल्म और संगीत जगत के हर क्षेत्र के लिए अवसर
यह प्लेटफॉर्म केवल एक्टर्स तक सीमित नहीं है। इसमें सिंगर, डांसर, जूनियर आर्टिस्ट, वॉइस आर्टिस्ट, म्यूजिक डायरेक्टर, कोरियोग्राफर समेत फिल्म निर्माण से जुड़े लगभग हर क्षेत्र के लोगों को शामिल किया गया है।
तकनीकी क्षेत्र में भी डायरेक्टर, स्टोरी राइटर, स्क्रीनप्ले राइटर, कैमरा असिस्टेंट, लाइटमैन, साउंड डिजाइनर, एडिटर, कॉस्ट्यूम डिजाइनर, मेकअप आर्टिस्ट, हेयर स्टाइलिस्ट, बीटीएस मेकर जैसे प्रोफेशनल्स भी इस डेटाबेस का हिस्सा बन सकते हैं।
वेंडर्स और सर्विस प्रोवाइडर्स को भी मिलेगा लाभ
फिल्म निर्माण से जुड़े व्यवसायियों के लिए भी यह प्लेटफॉर्म फायदेमंद साबित होगा। शूटिंग स्टूडियो, साउंड स्टूडियो, एडिटिंग स्टूडियो, एनिमेशन और ग्राफिक्स स्टूडियो, होटल, ट्रांसपोर्ट, लॉजिस्टिक्स, वैनिटी वैन, फूड सप्लायर और सिक्योरिटी सर्विस जैसे वेंडर्स भी इसमें रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
इससे फिल्म प्रोडक्शन से जुड़ी सभी सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी, जिससे फिल्म निर्माताओं को बिहार में शूटिंग के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
स्थानीय टैलेंट को मिलेगा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच
सरकार का मानना है कि इस डिजिटल डेटाबेस के जरिए बिहार के कलाकारों को देश-विदेश के बड़े प्रोजेक्ट्स में काम करने का मौका मिलेगा। इससे न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान मिलेगी, बल्कि राज्य में फिल्म उद्योग को भी नई दिशा और गति मिलेगी।
फिल्म इंडस्ट्री के लिए नया इकोसिस्टम तैयार
यह पहल बिहार में एक मजबूत फिल्म इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। इससे राज्य में शूटिंग बढ़ेगी, रोजगार के अवसर पैदा होंगे और बिहार फिल्म निर्माण के लिए एक आकर्षक डेस्टिनेशन के रूप में उभरेगा।


