9 दिन तक पंचायती में दबा रहा मामला, हालत बिगड़ी तो खुला राज
किशनगंज।बिहार के किशनगंज से इंसानियत को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। यहां सदर थाना क्षेत्र में एक 6 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म (Rape) किया गया। हैरानी की बात यह है कि इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी भी 16 साल का नाबालिग है।
मामला केवल अपराध का नहीं, बल्कि सामाजिक लापरवाही का भी है। घटना 22 जनवरी की है, लेकिन लोक-लाज और गांव की ‘पंचायती’ के चक्कर में परिवार वाले 9 दिनों तक चुप रहे। जब बच्ची की हालत बहुत ज्यादा बिगड़ गई, तब उसे अस्पताल ले जाया गया और पुलिस को खबर मिली।
घर के पीछे खेल रही थी बच्ची, तभी हुई वारदात
पुलिस को दिए गए बयान के मुताबिक, घटना 22 जनवरी की शाम की है। 6 वर्षीय पीड़िता अपने घर के पीछे स्थित बगीचे में खेल रही थी। उसी दौरान पड़ोस का ही एक 16 वर्षीय किशोर वहां पहुंचा।
आरोप है कि वह बच्ची को बहला-फुसलाकर पास के खेत में ले गया, जहां उसने बच्ची के साथ जबरदस्ती की। डरी-सहमी बच्ची किसी तरह घर पहुंची, लेकिन उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई।
पंचायती में उलझा रहा परिवार, नहीं हुआ इलाज
इस गंभीर मामले में भी सामाजिक स्तर पर लापरवाही बरती गई। सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद गांव में पंचायती बैठी। मामले को रफा-दफा करने और सुलह-समझौते की कोशिशें होती रहीं। इसी ‘पंचायती’ के चक्कर में बच्ची को न तो समय पर इलाज मिला और न ही पुलिस को सूचना दी गई।
नतीजतन, बच्ची के अंदरूनी जख्म गहरे होते गए और उसकी हालत नाजुक हो गई।
31 जनवरी को अस्पताल पहुंची पुलिस, तब दर्ज हुई FIR
जब बच्ची का दर्द बर्दाश्त से बाहर हो गया, तो परिजन उसे लेकर 31 जनवरी को सदर अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने मामला संदिग्ध देखकर पुलिस को सूचना दी।
- मां का बयान: पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता की मां का बयान दर्ज किया।
- कार्रवाई: मां के बयान के आधार पर महिला थाना में पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
एसपी बोले- आरोपी को निरुद्ध किया गया
किशनगंज एसपी संतोष कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई की गई है।
“मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। चूंकि आरोपी भी नाबालिग (16 वर्ष) है, इसलिए उसे गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह (निरुद्ध) भेजा जा रहा है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।”
– संतोष कुमार, एसपी, किशनगंज


