बिहार में तिलक समारोह के दौरान चली गोली: 21 वर्षीय युवक की मौत, शादी से पहले पसरा मातम

बिहार: नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र स्थित अमावा गांव में तिलक समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बार बालाओं के कार्यक्रम के दौरान चली गोली से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

मृतक की पहचान सरमेरा थाना क्षेत्र के गौसनगर गांव निवासी उपेंद्र प्रसाद के पुत्र छोटू कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि छोटू कुमार की शादी 27 अप्रैल को बिंद थाना क्षेत्र के छत्तरबीघा गांव में तय थी और उसका तिलक भी अगले दिन होना था। घटना के बाद परिवार में शादी की तैयारियां थम गईं और घर में कोहराम मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव में तिलक समारोह के दौरान एक मकान की दूसरी मंजिल पर बार बालाओं का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आई। जब लोग वहां पहुंचे, तो छोटू कुमार खून से लथपथ फर्श पर गिरा हुआ मिला।

मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के चचेरे भाई सूरज कुमार ने बताया कि वह छोटू के साथ समारोह में शामिल होने आया था। अचानक गोली चलने के बाद अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। उसने शोर मचाकर मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक छोटू की हालत गंभीर हो चुकी थी।

परिजनों के मुताबिक, छोटू कुमार को इस कार्यक्रम में जाने से मना किया गया था, लेकिन वह अपने दोस्त के तिलक समारोह में शामिल होने पहुंच गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बिहार शरीफ के सदर डीएसपी नुरुल हक ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोली किसने चलाई और घटना के पीछे की असल वजह क्या थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक के खिलाफ पहले से लूट और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज बताए जा रहे हैं, जिसकी भी जांच की जा रही है।

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की बात कही जा रही है।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार के 19 खिलाड़ियों को मिलेगा सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र, 637 खिलाड़ियों को दी जाएगी खेल छात्रवृत्ति

    Share Add as a preferred…

    बिहार में दूसरे दिन भी उग्र हुआ छात्र आंदोलन, कई जिलों में प्रदर्शन; कटिहार और दरभंगा में पुलिस-छात्रों की झड़प

    Share Add as a preferred…