मनोज जरांगे ने मराठा आंदोलन किया खत्म, देवेंद्र फडणवीस बोले- पुलिस को मारने वालों के मुकदमें नहीं लेंगे वापस

महाराष्ट्र में लगातार मराठा आंदोलन को लेकर हो रहा प्रदर्शन अब थम गया है। महाराष्ट्र सरकार ने मनोज जरांगे पाटिल की सभी मांगे मानते हुए इस पर अध्यादेश जारी किया है। इसके बाद मनोज जरांगे ने आंदोलन वापस लेने की घोषणा की है। मराठा आंदोलन वापस लेने पर देवेंद्र फडणवीस ने जरांगे का अभिनंदन किया साथ ही ये भी कहा जिन्होंने पुलिस को मारा है और घर जलाए हैं उनके खिलाफ मुकदमे वापस नहीं होंगे।

“कानून के हिसाब से मिलेगा कुनबियों को सर्टिफिकेट” 

नागपुर में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जो आंदोलन चल रहा था उसका सॉल्यूशन निकल गया है। मुख्यमंत्री ने बहुत अच्छा निर्णय लिया है। मनोज जरांगे पाटिल ने भी इसको मान्यता दी है। मराठा समाज में जो कुनबी हैं, उनकी इसमें जो एंट्री आई है, उनको सर्टिफिकेट मिलना, यह कानून के हिसाब से भी सही है। उन्हें सर्टिफिकेट नहीं मिल पा रहा था, अब आसानी से मिलेगा और ये अच्छी बात है कि यह सब सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के पालन के तहत होगा।

“हिंसा करने वालों के मुकदमें नहीं होंगे वापस”

फडणवीस ने आगे कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात है कि मराठा आंदोलन के दौरान जिसने भी पुलिस वाले को मारा है या फिर किसी के घर जलाए हैं उनके खिलाफ महाराष्ट्र सरकार कोई भी केस वापस नहीं ले रही है और ना ही ऐसा प्रस्ताव है, ना ही महाराष्ट्र सरकार ने कोई निर्णय लिया है।

सीएम नीतीश पर भी बोले फडणवीस

वहीं इस दौरान महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से जब बिहार के सीएम नीतीश कुमार के संबंध में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन पहले दिन से ही चरमरा रहा है। मैं महाराष्ट्र की राजनीति देख रहा हूं, महाराष्ट्र का नेता हूं, इस पर (बिहार) आज ज्यादा कमेंट नहीं कर पाऊंगा। इस बात की खुशी है कि सभी लोग मोदी जी के नेतृत्व पर विश्वास रख रहे हैं।

जरांगे ने समाप्त की भूख हड़ताल

बता दें कि मराठा समुदाय के लिए आरक्षण की मांग कर रहे कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नवी मुंबई में उनसे मुलाकात करने के बाद शनिवार को अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी। जरांगे ने अपनी मांगों को लेकर एक दिन पहले भूख हड़ताल शुरू की थी। जरांगे ने मुख्यमंत्री द्वारा जूस पिलाए जाने के बाद अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त कर दी।

  • Related Posts

    ललन सिंह बोले—फैसला नीतीश कुमार का होगा: राज्यसभा नामांकन की चर्चा के बीच पटना में सियासी हलचल तेज

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    बिहार की राजनीति में ऐतिहासिक मोड़: राज्यसभा की ओर बढ़े नीतीश कुमार, सत्ता संरचना में बड़े बदलाव के संकेत

    Share Add as a preferred…

    Continue reading