
पटना/सीतामढ़ी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण में बिहार के सीतामढ़ी की अनूठी ‘वेस्ट टू वेल्थ’ पहल की सराहना की। प्रधानमंत्री ने प्लास्टिक कचरे की रिसाइक्लिंग से तैयार की जा रही बेंच को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बताते हुए कहा कि यह केवल कचरे का पुनः उपयोग नहीं, बल्कि टिकाऊ विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि सीतामढ़ी में प्लास्टिक कचरे से तैयार की गई बेंच मजबूत, टिकाऊ, आरामदायक और पूरी तरह इको-फ्रेंडली है। यह पहल साबित करती है कि “रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल” केवल नारा नहीं, बल्कि जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकता है। प्रधानमंत्री ने इसे ‘वेस्ट टू वेल्थ’ का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
पटना के जक्कनपुर स्थित भगवान उत्सव हॉल में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुना। कार्यक्रम के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा बिहार की इस पहल का उल्लेख किए जाने पर खुशी जताई और कहा कि यह पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विभिन्न हिस्सों की सकारात्मक पहल और उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच पर स्थान देकर लोगों को प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि सीतामढ़ी की पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी इस पहल की सराहना बिहारवासियों के लिए सम्मान की बात है।
बिहार में ‘वेस्ट टू वेल्थ’ अभियान को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अब बिहार में ‘वेस्ट टू वेल्थ’ की अवधारणा को और अधिक बढ़ावा देगी। इसके लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग कचरे के पुनर्चक्रण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ सकें।
उन्होंने कहा कि बिहार अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कृषि उत्पादों और जनभागीदारी आधारित नवाचारों के माध्यम से देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा बिहार की इन पहलों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिए जाने से राज्य के लोगों का उत्साह और बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने से राज्य के विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को नई ऊर्जा मिलेगी।


