TRE-4 नोटिफिकेशन पर बढ़ा दबाव, छात्र नेता बोले- 31 जुलाई तक विज्ञापन नहीं तो होगा आंदोलन

पटना: बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों और कार्यरत शिक्षकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने स्पष्ट किया है कि बीपीएससी (BPSC) के माध्यम से होने वाली चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) के तहत 20 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति की जाएगी। वहीं, लंबे समय से स्थानांतरण का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए 29 जुलाई से ऑनलाइन ट्रांसफर आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी।

TRE-4 के लिए जुलाई के अंत तक भेजी जाएगी अधियाचना

शिक्षा मंत्री ने बताया कि सभी जिलों से रिक्त पदों का अंतिम ब्योरा जुटाया जा रहा है। जुलाई के अंत तक अधियाचना बीपीएससी को भेज दी जाएगी, जिसके बाद आयोग TRE-4 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करेगा। इसके बाद आवेदन, परीक्षा, परिणाम और नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अगले पांच वर्षों में एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति के लक्ष्य पर काम कर रही है और TRE-4 उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

29 जुलाई से ऑनलाइन ट्रांसफर की शुरुआत

शिक्षा विभाग ने शिक्षक स्थानांतरण के लिए नई डिजिटल व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। 29 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे और पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी की जाएगी।

इस बार स्थानांतरण के लिए 100 अंकों का प्राथमिकता आधारित मूल्यांकन सिस्टम लागू किया गया है। इसमें सेवा अवधि, महिला शिक्षकों के लिए विशेष प्रावधान, दिव्यांगता, गंभीर बीमारी तथा अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर अंक दिए जाएंगे। इन्हीं अंकों के आधार पर ट्रांसफर की प्राथमिकता तय होगी। विभाग का दावा है कि इससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और विवादरहित बनेगी।

31 जुलाई तक नोटिफिकेशन नहीं आया तो आंदोलन की चेतावनी

इधर, TRE-4 को लेकर छात्र संगठनों का दबाव भी बढ़ गया है। छात्र नेता दिलीप ने शिक्षा मंत्री को 31 जुलाई तक TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी करने का अल्टीमेटम दिया है।

उन्होंने कहा कि यदि तय समयसीमा के भीतर अधिसूचना जारी नहीं होती है, तो शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही राज्यभर में छात्र प्रदर्शन भी किया जाएगा।

‘सीमित भर्ती स्वीकार नहीं करेंगे’

छात्र नेता ने यह भी कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में रिक्तियां कम होने के तर्क पर सीमित भर्ती स्वीकार नहीं की जाएगी। उनका कहना है कि सरकारी स्कूलों में अभी भी बड़ी संख्या में शिक्षकों की आवश्यकता है, इसलिए प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक—तीनों स्तरों पर पर्याप्त संख्या में रिक्तियां निकाली जानी चाहिए।

उन्होंने सरकार से सभी रिक्त पदों का वास्तविक आंकड़ा सार्वजनिक करने, भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी समाप्त करने और जल्द से जल्द बीपीएससी के माध्यम से विज्ञापन जारी करने की मांग की।

लाखों अभ्यर्थियों की नजर सरकार के अगले कदम पर

TRE-4 भर्ती और शिक्षक स्थानांतरण प्रक्रिया को लेकर अब लाखों अभ्यर्थियों और कार्यरत शिक्षकों की निगाहें शिक्षा विभाग और बीपीएससी की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। सरकार जल्द अधिसूचना जारी करने का भरोसा दिला रही है, जबकि अभ्यर्थी संगठन तय समयसीमा के भीतर भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग पर अड़े हुए हैं। ऐसे में जुलाई का अंतिम सप्ताह बिहार की शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

  • ये भी पढ़े..

    पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद अर्जुन राय ने छोड़ी पार्टी, राजद की विचारधारा से भटकने का लगाया आरोप, बोले- अब लालू प्रसाद की नीतियों पर नहीं चल रही पार्टी

    Share Add as a preferred…

    ‘मन की बात’ में गूंजी बिहार की मिसाल: सीतामढ़ी की वेस्ट-टू-वेल्थ पहल की प्रधानमंत्री मोदी ने की सराहना, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया आभार

    Share Add as a preferred…