
भागलपुर: भागलपुर में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पुलिस के अनुसार, शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बीच कुछ उपद्रवियों और असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस बल, सरकारी वाहनों और अन्य सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया। साथ ही तिलकामांझी चौक स्थित तिलकामांझी राष्ट्रीय स्मारक को भी क्षति पहुंचाने का प्रयास किया गया, जिसे पुलिस की तत्परता से सुरक्षित बचा लिया गया।
पुलिस, मीडिया कर्मियों और आम लोगों पर हमला
पुलिस के मुताबिक, उपद्रवियों ने आम नागरिकों, मीडिया कर्मियों और पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों एवं ईंट-पत्थरों से हमला किया। इस घटना में कुछ पुलिसकर्मियों और मीडिया कर्मियों को सामान्य चोटें आई हैं।
49 नामजद और 400-500 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अब तक 49 नामजद और लगभग 400 से 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
57 हिरासत में, 41 न्यायिक हिरासत भेजे गए
पुलिस ने अब तक 57 लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें से 41 आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि 16 लोगों को बंधपत्र पर रिहा किया गया है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
भागलपुर पुलिस की अपील
भागलपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या अपुष्ट जानकारी साझा करने से बचें। पुलिस ने शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की है।


