‘पंजाब में पेपर लीक नहीं, अफवाह फैलाई जा रही’, मनीष सिसोदिया का BJP-कांग्रेस पर बड़ा हमला; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे का भी किया जिक्र

चंडीगढ़: पंजाब में कथित पेपर लीक की खबरों को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) और विपक्ष के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। AAP के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस पर सोशल मीडिया के जरिए झूठी अफवाहें फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब में किसी भी परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ है और विपक्ष जानबूझकर राज्य सरकार की छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है।

मनीष सिसोदिया ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा के “पेड ट्रोल” सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैला रहे हैं कि पंजाब में पेपर लीक हुआ है। उन्होंने दोनों दलों से ऐसी अफवाहें फैलाना बंद करने की अपील करते हुए कहा कि वास्तविक घटना को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।

‘स्मार्ट पेन से नकल की कोशिश हुई थी, पेपर लीक नहीं’

सिसोदिया ने बताया कि पंजाब की एक यूनिवर्सिटी में परीक्षा के दौरान कुछ छात्र ब्लूटूथ से लैस स्मार्ट पेन के जरिए नकल करने की कोशिश कर रहे थे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने समय रहते स्मार्ट पेन जब्त कर लिया और संबंधित छात्रों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया।

उन्होंने कहा कि इसे पेपर लीक बताना पूरी तरह गलत और भ्रामक है।

BJP और कांग्रेस पर साधा निशाना

विपक्ष पर हमला बोलते हुए सिसोदिया ने कहा कि झूठ की राजनीति के कारण ही जनता ने कांग्रेस और भाजपा को नकार दिया है। उन्होंने दावा किया कि इसी राजनीति का परिणाम है कि एक ओर कांग्रेस कमजोर होती गई, जबकि दूसरी ओर भाजपा के केंद्रीय शिक्षा मंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा।

सिसोदिया ने कहा कि पंजाब सरकार परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता और पारदर्शिता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा ने उठाए परीक्षा व्यवस्था पर सवाल

वहीं भाजपा की ओर से दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में भर्ती और बोर्ड परीक्षाओं से जुड़ी अनियमितताओं की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।

सिरसा ने नायब तहसीलदार भर्ती परीक्षा, पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षा, कृषि अधिकारी भर्ती परीक्षा और बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज की फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

उन्होंने पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही छात्र नेता अभिजीत दीपके से पंजाब के छात्रों के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखने की अपील भी की।

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज

पंजाब में परीक्षा व्यवस्था को लेकर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। जहां AAP पेपर लीक की खबरों को अफवाह बता रही है, वहीं भाजपा राज्य सरकार पर परीक्षा प्रणाली को लेकर लापरवाही का आरोप लगा रही है। ऐसे में अब इस पूरे विवाद पर सरकार और जांच एजेंसियों के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हैं।

  • ये भी पढ़े..

    ‘सम्राट चौधरी सड़क छाप गुंडा हैं’, पटना लौटते ही तेजस्वी यादव का बड़ा हमला; बोले- छात्रों पर दर्ज केस वापस लो, नहीं तो होगा दिल्ली से बड़ा आंदोलन

    Share Add as a preferred…

    नए शिक्षा मंत्री पर भी सियासत तेज! राहुल गांधी पर बरसी BJP, बोली- छात्रों के नाम पर सिर्फ राजनीति करती है कांग्रेस

    Share Add as a preferred…