
नई दिल्ली: नीट (NEET-UG) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी छात्र आंदोलन के बीच अभिनेता सलमान खान ने छात्रों का समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक विस्तृत पोस्ट साझा करते हुए पेपर लीक को गंभीर मुद्दा बताया और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
छात्रों के समर्थन में बोले सलमान खान
सलमान खान ने अपनी पोस्ट में लिखा कि आंदोलन शुरू में शांतिपूर्ण था, लेकिन इसका हिंसक रूप लेना दुखद है। उन्होंने घायल छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पेपर लीक एक गंभीर समस्या है और यह देखकर खुशी होती है कि देश के छात्र बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग के लिए एकजुट हुए हैं।
उन्होंने छात्रों की ईमानदारी, मेहनत और शिक्षा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यही पीढ़ी भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
आंदोलन को राजनीतिक रंग न देने की अपील
सलमान खान ने अपनी पोस्ट में कहा कि यह मुद्दा छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा है, इसलिए इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार छात्रों की बात सुनेगी और शिक्षा प्रणाली को अधिक मजबूत एवं पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।
“शिक्षा भारत का अगला फैशन ट्रेंड बने”
अपने संदेश के अंत में सलमान खान ने कहा कि शिक्षा को भारत का अगला “ट्रेंड और फैशन” बनना चाहिए। उनका कहना था कि देश की शिक्षा व्यवस्था इतनी मजबूत हो कि दुनिया भर के छात्र पढ़ाई के लिए भारत आएं और भारत वैश्विक शिक्षा केंद्र के रूप में स्थापित हो सके।
पेपर लीक को लेकर जारी है आंदोलन
दिल्ली में छात्र नीट-यूजी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुधार की मांग कर रहे हैं। इस बीच सरकार ने कहा है कि कथित पेपर लीक मामलों की जांच जारी है और इस विषय पर संसद में भी चर्चा कराई जाएगी।


