
पटना: बिहार सरकार ने उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा फैसला लेते हुए भागलपुर में श्यामा प्रसाद मुखर्जी एआई एवं कंप्यूटर विज्ञान विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। इसके साथ ही मुजफ्फरपुर में शहीद जुब्बा सहनी वास्तुकला एवं असैनिक अभियंत्रण विश्वविद्यालय की स्थापना को भी स्वीकृति मिली।
भागलपुर में बनेगा एआई और कंप्यूटर विज्ञान विश्वविद्यालय
कैबिनेट ने बिहार विशिष्ट विश्वविद्यालय विधेयक, 2026 के प्रारूप को मंजूरी देते हुए भागलपुर में श्यामा प्रसाद मुखर्जी एआई एवं कंप्यूटर विज्ञान विश्वविद्यालय की स्थापना का रास्ता साफ कर दिया। सरकार का उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), कंप्यूटर विज्ञान, शोध और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में उच्च स्तरीय शिक्षा एवं अनुसंधान को बढ़ावा देना है।
मुजफ्फरपुर में खुलेगा नया तकनीकी विश्वविद्यालय
राज्य मंत्रिमंडल ने मुजफ्फरपुर में शहीद जुब्बा सहनी वास्तुकला एवं असैनिक अभियंत्रण विश्वविद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इससे राज्य में वास्तुकला और सिविल इंजीनियरिंग की उच्च शिक्षा को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट ने कई अन्य प्रस्तावों पर भी लगाई मुहर
कैबिनेट बैठक में शिक्षा से जुड़े अन्य प्रस्तावों के अलावा बिहार अपराध नियंत्रण अधिनियम (CCA), 2024 में संशोधन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके तहत सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा, गाली-गलौज और परीक्षा प्रश्नपत्र लीक जैसे मामलों को कानून के दायरे में लाकर कड़ी कार्रवाई का प्रावधान किया गया है।
अग्निवीरों को आरक्षण का प्रावधान
कैबिनेट ने राज्य की नियुक्तियों में अग्निवीरों के लिए न्यूनतम 20 प्रतिशत आरक्षण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।
सरकार का कहना है कि इन फैसलों का उद्देश्य राज्य में उच्च शिक्षा, तकनीकी अनुसंधान, कौशल विकास और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है।


