
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र में पुलिस गश्ती दल के एक दरोगा को रिश्वत लेने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद एसएसपी ने यह कार्रवाई की।
55 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप
जानकारी के अनुसार, गश्ती दल में तैनात दरोगा मनोज कुमार पर पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के झिटकहिया निवासी पूजन कुमार को शराब के मामले में फंसाने की धमकी देकर 55 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप है।
जांच में आरोप पाए गए सही
मामले की जांच मीनापुर के सर्किल इंस्पेक्टर रंजन कुमार को सौंपी गई थी। जांच रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने के बाद एसडीपीओ (पूर्वी) ने दरोगा के निलंबन की अनुशंसा की।
एसएसपी ने किया निलंबित
अनुशंसा के आधार पर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने रविवार शाम दरोगा मनोज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विभागीय कार्रवाई भी शुरू की जा रही है।
भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


