
भागलपुर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे “स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर” विशेष अभियान के तहत शिवनारायणपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार सुबह की गई छापेमारी में पुलिस ने 263 ग्राम ब्राउन शुगर, 12.100 किलोग्राम अर्द्धनिर्मित ब्राउन शुगर बनाने की सामग्री समेत अन्य उपकरण बरामद किए हैं। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना पर मुर्गी फार्म में छापेमारी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र के सातो-काड़ी कादो गांव में एक मुर्गी फार्म की आड़ में अवैध मादक पदार्थों का भंडारण और खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कहलगांव-2 तथा शिवनारायणपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
तलाशी में मिला नशीला पदार्थ और उपकरण
मुर्गी फार्म की तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से 263 ग्राम ब्राउन शुगर, 12.100 किलोग्राम अर्द्धनिर्मित ब्राउन शुगर बनाने की सामग्री, तीन डिजिटल वजन मशीन, तीन मोबाइल फोन, 100 प्लास्टिक पाउच तथा एक पाउच सीलिंग मशीन बरामद की।
एक आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मो. रब्बानी, पिता–मो. मीर तैयब, निवासी सातो-काड़ी कादो, थाना शिवनारायणपुर, जिला भागलपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
युवाओं को नशे से बचाने के लिए चल रहा अभियान
भागलपुर पुलिस के अनुसार, जिले में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से “स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर” विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर नशीले पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी
- ब्राउन शुगर: 263 ग्राम
- अर्द्धनिर्मित ब्राउन शुगर बनाने की सामग्री: 12.100 किलोग्राम
- डिजिटल वजन मशीन: 3
- मोबाइल फोन: 3
- प्लास्टिक पाउच: 100
- पाउच सीलिंग मशीन: 1


