नालंदा में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप! दो मासूम बच्चों से छिना मां का साया, सास गिरफ्तार; पति और ससुर फरार

नालंदा: बिहार के नालंदा जिले से दहेज हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। करायपरसुराय थाना क्षेत्र के बेरथू गांव में 29 वर्षीय विवाहिता प्रियंका कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका की सास को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पति और ससुर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

2020 में हुई थी शादी, दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप

मृतका प्रियंका कुमारी पटना जिले के बेलछी थाना क्षेत्र के जगजानपुर गांव निवासी स्वर्गीय सुरेंद्र प्रसाद की बेटी थीं। उनकी शादी 29 जून 2020 को बेरथू गांव निवासी अमरजीत कुमार के साथ हुई थी।

मृतका की मां रिंकू देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि शादी के समय सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद पति, सास और ससुर लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग करते थे। मांग पूरी नहीं होने पर प्रियंका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

फोन पर मिली मौत की सूचना

परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात गांव के लोगों ने फोन कर प्रियंका की मौत की सूचना दी। जब परिवार के लोग ससुराल पहुंचे तो प्रियंका का शव घर में पड़ा मिला। आरोप है कि पहले उन्हें जहर दिया गया और फिर उनकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए।

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

प्रियंका अपने पीछे 5 साल की बेटी और 3 साल के बेटे को छोड़ गई हैं। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

सास गिरफ्तार, पति और ससुर की तलाश जारी

करायपरसुराय थानाध्यक्ष सुशील कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है।

मृतका की मां के बयान पर पति अमरजीत कुमार, सास सुनीता देवी और ससुर कृष्णा महतो के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने शुक्रवार सुबह सास सुनीता देवी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि पति और ससुर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

  • ये भी पढ़े..

    BJP में जाने की अटकलों पर बोले RJD सांसद अभय कुशवाहा: ‘लालू-तेजस्वी के साथ हूं, राष्ट्रीय जनता दल ही मेरा अंतिम राजनीतिक दल’

    Share Add as a preferred…

    72वीं बीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 996 केंद्रों पर 5 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के लिए तैयारियों की बड़ी समीक्षा

    Share Add as a preferred…