
भागलपुर: भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र में ढाई साल के एक मासूम के रहस्यमय ढंग से लापता हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नाथनगर थाना क्षेत्र के लालूचक इलाके के रहने वाले पंचो मंडल का ढाई वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार सोमवार देर रात अपने पिता के साथ मंदिर परिसर में सोया हुआ था। परिवार के अनुसार, घर में बच्चे के छठी कार्यक्रम के अवसर पर भोज आयोजित था, जिसमें काफी संख्या में मेहमान आए हुए थे।
भोज समाप्त होने के बाद पंचो मंडल अपने बेटे आदित्य को लेकर महावीर स्थान मंदिर परिसर में सोने चले गए। देर रात करीब 2:30 बजे जब उनकी नींद खुली तो आदित्य वहां मौजूद नहीं था। इसके बाद परिवार ने तत्काल बच्चे की खोजबीन शुरू की।
परिजनों ने रातभर आसपास के इलाके, मंदिर परिसर और पूरे मोहल्ले में बच्चे की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना नाथनगर थाना पुलिस को दी गई।
बच्चे की मां सुलेखा देवी ने बताया कि रात में घर पर काफी भीड़ थी। उनका मंझला बेटा अपने पिता के साथ सो गया था, लेकिन कुछ देर बाद वह अचानक गायब हो गया। उन्होंने बताया कि घटना की लिखित शिकायत थाने में दी गई है।
परिजनों ने आशंका जताई है कि कुछ दिन पहले गोतिया परिवार के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इसी कारण उन्होंने पुलिस से सभी पहलुओं पर जांच करने की मांग की है।
नाथनगर थाना प्रभारी मो. नईम ने बताया कि बच्चे के लापता होने की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और बच्चे की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आसपास के क्षेत्रों में भी तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
फिलहाल बच्चे का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।


