
पटना: जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव अभियान में जुटने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर एनडीए सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मतदाताओं तक पहुंचाएं तथा पार्टी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठित होकर काम करें।
कार्यकर्ताओं को दिए चुनावी अभियान के निर्देश
मंगलवार को जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंचे नीतीश कुमार ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के सहयोग से बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी शानदार प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव प्रचार में जुटने की अपील की।
प्रदेश कार्यालय में तैयारियों का लिया जायजा
पूर्व मुख्यमंत्री ने जदयू प्रदेश कार्यालय में चल रही संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जनसुनवाई व्यवस्था और पार्टी कार्यालय की कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नेताओं ने किया स्वागत
नीतीश कुमार के प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी से मुलाकात कर संगठन को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।
बैठक में मंत्री श्रवण कुमार, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, विधान पार्षद ललन सर्राफ समेत कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर जदयू ने अब चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है।


