हाईटेंशन तार हादसे के घायलों से मिले राजद नेता एस जेड हसन, मुआवजा और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

भागलपुर: नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के हबीबपुर स्थित अनजान शाह मजार कब्रिस्तान के पास जनाजा दफनाने के दौरान 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से घायल हुए लोगों से रविवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नाथनगर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एस जेड हसन ने मायागंज अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही जिला प्रशासन और बिजली विभाग से पीड़ितों को जल्द मुआवजा देने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

संगठनात्मक दौरे के कारण नहीं पहुंच सके थे तुरंत

एस जेड हसन ने बताया कि 12 जुलाई को सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच हबीबपुर के अनजान शाह मजार कब्रिस्तान के पास जनाजा दफनाने के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने की घटना की जानकारी उन्हें तत्काल मिल गई थी। हालांकि उस समय वह संगठनात्मक कार्यक्रम के सिलसिले में कोशी-सीमांचल क्षेत्र के दौरे पर थे, इसलिए घटना के तुरंत बाद अस्पताल या पीड़ित परिवारों से नहीं मिल सके।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दौरा समाप्त होते ही वे सीधे मायागंज अस्पताल पहुंचे और घायल लोगों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया।

अस्पताल प्रबंधन और अधिकारियों से लगातार रहे संपर्क में

राजद नेता ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों, जिला प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन से फोन पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर पीड़ितों को हरसंभव सहयोग दिलाने का प्रयास किया गया।

उन्होंने कहा कि यह ईश्वर की कृपा रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी घायलों का इलाज चल रहा है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

मुआवजा और सुरक्षा व्यवस्था की उठाई मांग

एस जेड हसन ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और भविष्य में ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि जिले के कब्रिस्तानों, श्मशान घाटों, खेत-खलिहानों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर झूल रहे बिजली के तारों का तत्काल सर्वे कराया जाए।

उन्होंने कहा कि जहां भी जरूरत हो वहां कवरयुक्त (इंसुलेटेड) तार लगाए जाएं और जर्जर बिजली लाइनों को बदलकर सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

घायलों को जल्द मिले सरकारी सहायता

राजद नेता ने प्रशासन से मांग की कि बिजली हादसे में घायल लोगों को सरकार द्वारा निर्धारित अनुग्रह सहायता और मुआवजा राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता मिलनी चाहिए।

एस जेड हसन ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल इस कठिन समय में सभी घायलों और उनके परिवारों के साथ खड़ी है तथा जरूरत पड़ने पर हर संभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से भी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक कदम उठाने की अपील की।

  • ये भी पढ़े..

    नालंदा में मां की डांट के बाद 13 वर्षीय छात्र ने खाया जहरीला पदार्थ, इलाज के दौरान मौत

    Share Add as a preferred…

    बेगूसराय कोर्ट में कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार का सरेंडर, 20 हजार के निजी मुचलके पर मिली जमानत

    Share Add as a preferred…