नालंदा में मां की डांट के बाद 13 वर्षीय छात्र ने खाया जहरीला पदार्थ, इलाज के दौरान मौत

नालंदा: बिहार के नालंदा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बेन थाना क्षेत्र के करजारा गांव में 13 वर्षीय एक छात्र की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, स्कूल नहीं जाने पर मां द्वारा डांट लगाए जाने के बाद बच्चा मानसिक रूप से आहत हो गया और उसने घर में रखा कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

गर्मी की छुट्टी के बाद स्कूल नहीं गया था छात्र

मृतक की पहचान करण (13 वर्ष) के रूप में हुई है। वह आठवीं कक्षा का छात्र था। बताया जा रहा है कि गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल खुलने पर उसकी मां ने उसे विद्यालय जाने के लिए कहा था। जब वह स्कूल नहीं गया तो मां ने उसे फटकार लगाई। इसके कुछ देर बाद करण ने घर में रखा कोई जहरीला पदार्थ खा लिया।

अस्पताल में तोड़ा दम

करण की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

परिजनों के मुताबिक, करण अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में उसकी एक बहन भी है। बेटे की असमय मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। गांव में भी शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि परिजन शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही अंतिम संस्कार के लिए गांव ले गए।

पुलिस ने क्या कहा?

बेन थानाध्यक्ष रवि राजकुमार ने बताया कि मामले की आधिकारिक सूचना अभी तक थाना को नहीं मिली है।

“घटना की आधिकारिक सूचना अभी तक थाना को प्राप्त नहीं हुई है। यदि परिजनों की ओर से आवेदन दिया जाता है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।”
रवि राजकुमार, थानाध्यक्ष, बेन थाना

  • ये भी पढ़े..

    बेगूसराय कोर्ट में कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार का सरेंडर, 20 हजार के निजी मुचलके पर मिली जमानत

    Share Add as a preferred…

    बड़ी खबर: मालगाड़ी के इंजन के सहारे पटना पहुंची वंदे भारत एक्सप्रेस, तकनीकी खराबी से यात्रियों को घंटों परेशानी

    Share Add as a preferred…