बांकीपुर उपचुनाव: भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने भरा नामांकन, सम्राट चौधरी की मौजूदगी में हुआ शक्ति प्रदर्शन

पटना: बिहार की हाईप्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन राजनीतिक सरगर्मी चरम पर रही। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले भाजपा ने भव्य रोड शो निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। वहीं दूसरी ओर जनशक्ति जनता दल (JJD) की उम्मीदवार वीणा मानवी को नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने और बाद में अदालत से जमानत मिलने की घटना ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया।

रथ पर सवार होकर निकले नीरज सिन्हा, कार्यकर्ताओं की उमड़ी भीड़

भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा पार्टी कार्यालय से विशेष रथ पर सवार होकर नामांकन के लिए निकले। पूरे मार्ग में भाजपा और एनडीए समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी रही। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे लहराए और नीरज सिन्हा के समर्थन में जोरदार नारे लगाए। रोड शो के दौरान राजधानी पटना की कई सड़कों पर चुनावी उत्साह देखने को मिला।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई दिग्गज रहे साथ

नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद रविशंकर प्रसाद, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, लोजपा (रामविलास) के नेता राजू तिवारी सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने इसे एनडीए की एकजुटता और चुनावी मजबूती का प्रदर्शन बताया।

नामांकन से पहले मंदिर में की पूजा, नितिन नवीन के पिता को दी श्रद्धांजलि

नामांकन से पहले नीरज सिन्हा ने पटना के प्रसिद्ध पंचमुखी हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और चुनाव में सफलता की कामना की। इस दौरान विधायक संजय गुप्ता और संजीव चौरसिया भी उनके साथ मौजूद रहे।

इसके बाद नीरज सिन्हा नवीन सिन्हा स्मृति पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा नेता नितिन नवीन के पिता को श्रद्धांजलि अर्पित कर सम्मान व्यक्त किया। इसके बाद वह रोड शो में शामिल होकर नामांकन दाखिल करने कलेक्ट्रेट पहुंचे।

वीणा मानवी की गिरफ्तारी से बढ़ी चुनावी हलचल

इसी बीच बांकीपुर उपचुनाव में जनशक्ति जनता दल (JJD) को बड़ा झटका लगा। पार्टी की उम्मीदवार वीणा मानवी को नामांकन पत्र दाखिल करने के तुरंत बाद पटना कलेक्ट्रेट परिसर से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वर्ष 2009 से जुड़े एक मामले में हुई इस कार्रवाई के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां सुनवाई के बाद जमानत मिल गई। इस घटनाक्रम ने पूरे चुनावी माहौल में नई राजनीतिक चर्चा छेड़ दी।

प्रशांत किशोर ने भी किया शक्ति प्रदर्शन

बांकीपुर सीट से जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने भी सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले जन सुराज के कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाली और पार्टी के झंडों के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। प्रशांत किशोर भी समर्थकों के साथ जुलूस में शामिल हुए और कुछ दूरी तक पैदल चलकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।

त्रिकोणीय मुकाबले पर टिकी नजर

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव अब पूरी तरह चुनावी रंग में रंग चुका है। भाजपा के नीरज सिन्हा, जन सुराज के प्रशांत किशोर और जनशक्ति जनता दल की वीणा मानवी के मैदान में उतरने से मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। नामांकन के अंतिम दिन हुए शक्ति प्रदर्शन, गिरफ्तारी और राजनीतिक गतिविधियों ने साफ कर दिया है कि इस सीट पर मुकाबला बेहद प्रतिष्ठा का बनने जा रहा है। अब सभी दल मतदान से पहले मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंकेंगे।

  • ये भी पढ़े..

    नालंदा में मां की डांट के बाद 13 वर्षीय छात्र ने खाया जहरीला पदार्थ, इलाज के दौरान मौत

    Share Add as a preferred…

    बेगूसराय कोर्ट में कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार का सरेंडर, 20 हजार के निजी मुचलके पर मिली जमानत

    Share Add as a preferred…