
पटना: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बिहार की सबसे चर्चित और हाईप्रोफाइल विधानसभा सीटों में शामिल बांकीपुर उपचुनाव के लिए सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। चुनावी रणनीतिकार के रूप में राष्ट्रीय पहचान बनाने वाले प्रशांत किशोर पहली बार किसी चुनाव में प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे हैं। नामांकन से पहले उन्होंने अपनी पत्नी डॉ. जाह्नवी दास के साथ सोनपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर जीत का आशीर्वाद लिया।
बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस सीट पर प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी ने चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
हलफनामे में संपत्ति का पूरा ब्योरा
नामांकन के साथ दाखिल चुनावी हलफनामे में प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी की संपत्ति का विस्तृत विवरण सामने आया है। लंबे समय से उनकी संपत्ति को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी अब विराम लग गया है।
हलफनामे के अनुसार, प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी के पास कुल 198 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है।
प्रशांत किशोर के नाम कुल 96.07 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज है। इसमें 22.19 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 73.87 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। वहीं उनके ऊपर 5.77 करोड़ रुपये का कर्ज भी दर्ज है।
संपत्ति के मामले में पत्नी जाह्नवी दास आगे
हलफनामे के अनुसार, प्रशांत किशोर की पत्नी डॉ. जाह्नवी दास संपत्ति के मामले में उनसे भी आगे हैं। उनके नाम 101.93 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति दर्ज है।
इसमें 89.51 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 12.42 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। हालांकि, उनके ऊपर 55 लाख रुपये का ऋण भी है।
तीन वर्षों में 241 करोड़ रुपये की कमाई
प्रशांत किशोर ने अपने हलफनामे में बताया कि उन्होंने चुनावी और राजनीतिक परामर्श के अपने पेशे से पिछले तीन वर्षों में लगभग 241 करोड़ रुपये की आय अर्जित की।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस आय में से 98 करोड़ रुपये जन सुराज पार्टी को दान किए जा चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की है कि अगले पांच वर्षों तक अपनी कमाई का 90 प्रतिशत हिस्सा भी जन सुराज पार्टी को दान करेंगे।
करोड़ों रुपये का टैक्स भी चुकाया
प्रशांत किशोर ने हलफनामे में बताया कि पिछले पांच वर्षों के दौरान उन्होंने 4.45 करोड़ रुपये आयकर (इनकम टैक्स) और 5.58 करोड़ रुपये जीएसटी के रूप में सरकार को जमा किए हैं।
कंपनी के जरिए भी पार्टी को मिला चंदा
हलफनामे के अनुसार, प्रशांत किशोर के पास वेदहास वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के 100 प्रतिशत शेयर हैं। इस कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में जन सुराज पार्टी को 85 करोड़ रुपये और जन सुराज फाउंडेशन को 50 लाख रुपये का योगदान दिया था।
बांकीपुर में दिलचस्प होगा मुकाबला
बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर का चुनावी पदार्पण बिहार की राजनीति में अहम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर इस बात पर रहेगी कि वर्षों तक चुनावी रणनीति बनाने वाले प्रशांत किशोर पहली बार मतदाता के सामने उम्मीदवार के रूप में कितना प्रभाव छोड़ पाते हैं। 30 जुलाई को होने वाले मतदान और 3 अगस्त को आने वाले नतीजे इस हाईप्रोफाइल मुकाबले की तस्वीर साफ करेंगे।


