13 से 15 जुलाई तक तेज आंधी, मेघगर्जन और 70 किमी/घंटा तक चल सकती हैं हवाएं, 18 जुलाई तक बारिश के आसार

पटना: बिहार में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के 27 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश, आंधी, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी दी है।

इन जिलों में सबसे ज्यादा असर

मौसम विभाग के अनुसार सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर और बांका में भारी बारिश के साथ तेज आंधी और वज्रपात की संभावना सबसे अधिक है।

27 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, जहानाबाद, नालंदा, गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, मुंगेर, बांका, भागलपुर और कटिहार शामिल हैं।

70 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के मुताबिक 13 से 15 जुलाई के बीच कई इलाकों में 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

पटना में भी बारिश के आसार

राजधानी पटना में रविवार को दिनभर उमस बनी रही। शाम के समय कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।

15 जुलाई के लिए भारी बारिश का अलर्ट

वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया और भागलपुर में 15 जुलाई को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं कई अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

18 जुलाई तक बारिश जारी रहने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 18 जुलाई तक पूरे बिहार में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहेंगी। इस दौरान अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी वर्षा और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

  • ये भी पढ़े..

    फैसल खान उर्फ खान सर और दोनों बॉडीगार्ड्स को बेल, अब रौशन आनंद की एफआईआर पर टिकी सबकी नजर

    Share Add as a preferred…

    ढाका में बिहार की बेटी का दम, IFS पूजा झा ने भारत का गलत नक्शा दिखाए जाने पर जताई कड़ी आपत्ति

    Share Add as a preferred…