समस्तीपुर के ऐतिहासिक चकोटी मठ से 200 साल पुरानी राम-जानकी की अष्टधातु मूर्तियां चोरी

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक 24 अवतार धाम चकोटी मठ में शनिवार देर रात बड़ी चोरी की वारदात हुई। चोर मंदिर के गर्भगृह से करीब 200 वर्ष पुरानी भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की अष्टधातु की मूर्तियां चुरा ले गए।

आभूषण और दानपेटी भी साफ

चोर भगवान के सोने-चांदी के आभूषण, धनुष-बाण, छत्र, चेन और दानपेटी में रखी नकदी भी अपने साथ ले गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, चोरी हुई मूर्तियों और आभूषणों की कीमत करोड़ों रुपये हो सकती है।

सुबह पूजा के दौरान हुआ खुलासा

रविवार सुबह मुख्य पुजारी पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो गर्भगृह का ताला खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो भगवान की मूर्तियां और आभूषण गायब थे। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई।

महंत ने बताई पूरी घटना

मठ के महंत रामसेवक शास्त्री ने बताया कि शनिवार शाम आरती के बाद मंदिर को विधिवत बंद किया गया था। रविवार सुबह पूजा के समय चोरी की जानकारी मिली।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही खानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सदर डीएसपी-2 संजय कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द मामले के खुलासे का दावा किया गया है।

हाल ही में हुआ था बड़ा धार्मिक आयोजन

गौरतलब है कि पिछले महीने इसी मठ में 11 दिवसीय विष्णु महायज्ञ और प्राण-प्रतिष्ठा समारोह आयोजित हुआ था, जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शामिल हुए थे। अब उसी गर्भगृह से प्राचीन अष्टधातु की मूर्तियां चोरी होने से धार्मिक धरोहरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

  • ये भी पढ़े..

    फैसल खान उर्फ खान सर और दोनों बॉडीगार्ड्स को बेल, अब रौशन आनंद की एफआईआर पर टिकी सबकी नजर

    Share Add as a preferred…

    ढाका में बिहार की बेटी का दम, IFS पूजा झा ने भारत का गलत नक्शा दिखाए जाने पर जताई कड़ी आपत्ति

    Share Add as a preferred…