
भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के टिपुरा गांव के पास रविवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी में 35 वर्षीय राजेश यादव की मौत हो गई। मृतक जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रूपबांध गांव का निवासी था।
मां का इलाज कराकर लौट रहा था
परिजनों के अनुसार, राजेश यादव अपनी मां का इलाज कराने बिहिया गया था। इलाज के बाद बाइक से घर लौटते समय रास्ते में अपराधियों ने उसे घेरकर गोली मार दी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी पर पुलिस का शक
जगदीशपुर एसडीपीओ पंकज मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में टिपुरा निवासी योगेंद्र यादव पर गोली चलाने का आरोप सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के घर से पिस्तौल और मैगजीन भी बरामद की है।
पुरानी रंजिश की जांच
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
मृतक पर दर्ज थे कई मामले
पुलिस के अनुसार, राजेश यादव हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। उसके खिलाफ फायरिंग, हत्या के प्रयास और रंगदारी समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज थे।
एफएसएल टीम जुटी जांच में
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और एफएसएल टीम भी जांच में लगी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


