
दरभंगा | बिहार के दरभंगा जिले में एक डॉक्टर के घर में हुई सनसनीखेज डकैती ने इलाके में दहशत फैला दी है। बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे और महिला को बंधक बनाकर लाखों रुपये के गहने तथा नकदी लूटकर फरार हो गए।
महिला को बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार, बदमाशों की संख्या चार से पांच बताई जा रही है।
वारदात के समय घर में डॉक्टर की छोटी बहू अपनी डेढ़ वर्षीय बच्ची के साथ अकेली थी। आरोप है कि बदमाशों ने महिला के साथ मारपीट की, उसके बाल काट दिए, हाथ-पांव बांधकर घसीटा और उसकी पीठ में इंजेक्शन लगाकर बेहोश कर दिया।
घायल महिला को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
टीवी की आवाज तेज कर की वारदात
स्थानीय लोगों के अनुसार, बदमाशों ने चोरी के दौरान घर का टीवी तेज आवाज में चला दिया, ताकि चीख-पुकार या अन्य आवाजें बाहर तक न पहुंच सकें।
करीब 20 मिनट तक बदमाशों ने घर में उत्पात मचाया और तीन कमरों की तलाशी ली।
उन्होंने दो अलमारियां तोड़कर लगभग 5 लाख रुपये के आभूषण और 35 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
एफएसएल टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी राजीव कुमार, बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुनजय कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
बाद में एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और बदमाशों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।


