भागलपुर में रेल पुलिस पर हमले के चार फरार आरोपियों के घर इश्तेहार चस्पा, सरेंडर नहीं करने पर होगी कुर्की

भागलपुर: शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान रेल पुलिस पर हुए हमले के मामले में भागलपुर जीआरपी ने फरार चल रहे चार आरोपियों के खिलाफ बड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के घरों पर इश्तेहार चस्पा किया। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आरोपी तय समय के भीतर अदालत में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

जीआरपी इंस्पेक्टर नसीम अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सबौर थाना क्षेत्र के लेलख गांव पहुंचकर फरार आरोपियों के घरों पर इश्तेहार चस्पा किया। जिन आरोपियों के घर यह कार्रवाई की गई, उनमें ज्ञानी मंडल, सौरभ मंडल, अखिलेश मंडल और संतोष मंडल शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के परिजनों को भी न्यायालय के आदेश की जानकारी देते हुए जल्द आत्मसमर्पण कराने की अपील की।

शराब तस्करी की कार्रवाई के दौरान हुआ था हमला

पुलिस के अनुसार यह मामला पिछले वर्ष 15 नवंबर का है। उस रात हावड़ा एक्सप्रेस के लेलख स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी टीम को ट्रेन से संदिग्ध बोरों में सामान उतारे जाने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान बोरों में शराब मिलने पर पुलिस ने उसे जब्त करने की कोशिश की। इसी दौरान शराब तस्करों और उनके सहयोगियों ने पुलिस टीम पर पथराव और हमला कर दिया।

हमले में रेल पुलिस के जवानों को चोटें आई थीं और ट्रेन को भी नुकसान पहुंचा था। घटना के बाद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कुछ आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे हैं।

सरेंडर नहीं करने पर होगी कुर्की

जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय से इश्तेहार जारी होने के बाद भी यदि आरोपी निर्धारित अवधि के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करते हैं तो अदालत से कुर्की वारंट प्राप्त कर उनकी संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही है।

चोरी के मामलों में भी आठ आरोपियों पर शिकंजा

इसी बीच ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ भी जीआरपी ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने आठ आरोपियों के विरुद्ध अदालत से वारंट प्राप्त किया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इनमें निवकी मंडल, कारो मंडल, प्रकाश निषाद, मुकेश मंडल, बीरी मंडल, सुभाष मंडल, चंपक मंडल और सरयू मंडल शामिल हैं।

अपराधियों पर लगातार जारी रहेगी कार्रवाई

रेल पुलिस का कहना है कि रेलवे क्षेत्र में शराब तस्करी, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

  • ये भी पढ़े..

    सहरसा में निकाह के भोज में मटन की जगह चिकन परोसने पर बवाल: बारात में जमकर मारपीट, कई लोग घायल

    Share Add as a preferred…

    महंगाई के बीच बिहार सरकार का बड़ा सहारा, लाखों पेंशनधारियों के खातों में पहुंचे ₹1,100

    Share Add as a preferred…