
पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बिलोटी मामले को लेकर कहा है कि घटना की न्यायिक जांच जारी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार किसी भी दोषी को बख्शने के पक्ष में नहीं है।
जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि न्यायिक जांच निष्पक्ष तरीके से चल रही है। रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार कानून व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर है और किसी भी घटना में दोषी पाए जाने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार का उद्देश्य पीड़ितों को न्याय दिलाना और कानून का राज कायम रखना है।
10 जुलाई को एनडीए की बैठक
उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने बताया कि 10 जुलाई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एनडीए की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। यह बैठक मुख्यमंत्री आवास पर होगी। मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी की एनडीए के सभी घटक दलों के जिलाध्यक्षों के साथ यह पहली बैठक होगी।
बैठक में सरकार के कामकाज की समीक्षा, संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर चर्चा की जाएगी। साथ ही पार्टी पदाधिकारियों से जमीनी स्तर का फीडबैक भी लिया जाएगा।


