
फरीदाबाद/भागलपुर:हरियाणा के फरीदाबाद में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने बिहार के भागलपुर जिले के ईशाकचक इलाके से गिरफ्तार किया है। आरोपी वारदात के बाद फरार होकर अपनी नानी के घर छिपा हुआ था। गुप्त सूचना के आधार पर फरीदाबाद पुलिस ने भागलपुर पुलिस के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।
भागलपुर के ईशाकचक में छिपा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले कुछ समय से भागलपुर के ईशाकचक स्थित अपनी नानी के घर में रह रहा था। उसकी लोकेशन मिलने के बाद फरीदाबाद पुलिस की टीम भागलपुर पहुंची और स्थानीय मोजाहिदपुर थाना पुलिस की मदद से शीतला स्थान चौक के पास छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कोर्ट में पेशी के बाद ट्रांजिट रिमांड
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद फरीदाबाद पुलिस उसे अपने साथ हरियाणा ले गई, जहां मामले में आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पिछले महीने दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग से दुष्कर्म का मामला पिछले महीने फरीदाबाद में दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। उसकी तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही थी। आखिरकार तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस को उसकी सटीक लोकेशन मिली और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच जारी
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


