
पटना: राजधानी पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-8बी स्थित एक किराए के मकान में रविवार को प्रेम-प्रसंग से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई। पूर्वी चंपारण निवासी 26 वर्षीय प्रियेश रंजन कथित तौर पर अवैध हथियार लेकर अपनी प्रेमिका के घर पहुंच गया। विवाद के दौरान उसने युवती के भाई को गोली मार दी, जबकि हाथापाई के दौरान तीसरी मंजिल से गिरने से उसकी खुद की मौत हो गई।
प्रेमिका नहीं मिली, भाई से हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना के समय युवती घर पर मौजूद नहीं थी। घर में उसका भाई था। इसी दौरान प्रियेश और युवती के भाई के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि प्रियेश ने कहा कि यदि उसकी बहन उससे शादी नहीं करेगी तो वह उसे जान से मार देगा। विवाद बढ़ने पर उसने पिस्तौल निकालकर गोली चला दी, जो युवती के भाई के कंधे में लगी।
हाथापाई के दौरान तीसरी मंजिल से गिरा युवक
गोलीबारी के बाद दोनों के बीच हाथापाई हुई। इसी दौरान प्रियेश तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हथियार बरामद, जांच जारी
पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले से जानते थे।
नौकरी लगने के बाद बढ़ी दूरियां
पुलिस जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि युवती की लगभग तीन महीने पहले मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) के पद पर नौकरी लगी थी। इसके बाद उसने कथित तौर पर प्रियेश से दूरी बनानी शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि प्रियेश शादी करना चाहता था, लेकिन युवती ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद वह मोतिहारी से पटना पहुंचा। हालांकि युवती घर पर नहीं मिली और विवाद उसके भाई से हो गया, जिसके बाद यह पूरी घटना हुई।
पुलिस का बयान
पटना सेंट्रल की एसपी ममता कल्याणी ने बताया,
“मामला प्रथम दृष्टया प्रेम-प्रसंग और आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”


