20 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, 17 जिलों में वज्रपात की चेतावनी; मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी

पटना:बिहार में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों के लिए भारी बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और उससे जुड़े मौसमी तंत्र के प्रभाव से सोमवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। दक्षिण-पूर्व बिहार, कोसी और सीमांचल के इलाकों में अच्छी बारिश की संभावना है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने 20 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से तीन जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है, जबकि 17 जिलों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर नहीं जाने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में वज्रपात का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार पटना, भागलपुर, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, अरवल, नालंदा, नवादा, लखीसराय, जमुई, बांका, मुंगेर, कटिहार और शेखपुरा जिलों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका बनी हुई है। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश भी हो सकती है।

तीन जिलों में भारी बारिश की संभावना

औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर (भभुआ) जिले में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है। निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है, इसलिए स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

भागलपुर, कोसी और सीमांचल में बढ़ेगी बारिश

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, सुपौल, सहरसा और मधेपुरा समेत कोसी-सीमांचल के जिलों में बारिश की गतिविधियां अधिक सक्रिय रहेंगी। इन इलाकों में कई स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश दर्ज की जा सकती है।

रविवार को भी भागलपुर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। कुछ स्थानों पर 15 से 20 मिलीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई।

55 प्रतिशत तक बारिश की कमी

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक राज्य में सामान्य से करीब 55 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुए मौसम तंत्र के कारण आने वाले दिनों में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है, जिससे वर्षा की कमी कुछ हद तक पूरी हो सकती है।

लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह

  • मेघगर्जन के दौरान पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों।
  • खेतों और खुले मैदानों में काम कर रहे लोग सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।
  • बिजली चमकने के दौरान मोबाइल या बिजली से जुड़े उपकरणों का उपयोग सावधानी से करें।
  • भारी बारिश की स्थिति में जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।
  • प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटे तक बिहार के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके चलते तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

  • ये भी पढ़े..

    गया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2.91 करोड़ की देशव्यापी साइबर ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 47 सिम कार्ड बरामद

    Share Add as a preferred…

    पटना में प्रेम-प्रसंग का खूनी अंत: शादी से इनकार पर प्रेमी ने की फायरिंग, तीसरी मंजिल से गिरकर हुई मौत

    Share Add as a preferred…