बिहार में टोटो चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, कानून हाथ में लेने वालों पर कार्रवाई शुरू

वैशाली: बिहार के वैशाली जिले से कानून-व्यवस्था को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। बिदुपुर थाना क्षेत्र के खपुरा गांव में टोटो चोरी के शक में एक युवक का कथित तौर पर अपहरण कर पूरे दिन बेरहमी से पीटा गया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

सुबह अगवा, शाम तक बेरहमी से पिटाई

जानकारी के अनुसार, गांव के मंजीत कुमार और रंजीत कुमार का ई-रिक्शा (टोटो) दो दिन पहले चोरी हो गया था। चोरी का शक गांव के ही सन्नी कुमार पर जताया गया। आरोप है कि मंजीत और उसके सहयोगियों ने सन्नी को अगवा कर बंधक बनाया और सुबह से शाम तक उसकी बेरहमी से पिटाई की।

जब उसकी हालत गंभीर हो गई तो आरोपी उसे उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गए। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।

थाने में दर्ज नहीं कराई थी चोरी की शिकायत

पुलिस के अनुसार, जिस टोटो चोरी के आरोप में युवक की पिटाई की गई, उसकी कोई लिखित शिकायत थाने में दर्ज नहीं कराई गई थी। यानी आरोपियों ने कानून का सहारा लेने के बजाय खुद ही फैसला कर दिया।

तीन महिलाएं गिरफ्तार, बाकी आरोपी फरार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले में घर की तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस क्या बोली?

सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला टोटो चोरी के शक में मारपीट कर हत्या का है।

उन्होंने कहा,

“ई-रिक्शा चोरी के आरोप में एक परिवार के लोगों ने युवक की मारपीट कर हत्या कर दी। ई-रिक्शा चोरी की कोई लिखित शिकायत थाने में दर्ज नहीं कराई गई थी। इस मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।”

परिजनों ने सख्त कार्रवाई की मांग

मृतक के परिजनों ने आरोपियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए सभी दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

  • ये भी पढ़े..

    बांकीपुर उपचुनाव ने बढ़ाई सियासी हलचल, प्रशांत किशोर की एंट्री के बाद सम्राट-नीतीश की मुलाकात चर्चा में

    Share Add as a preferred…

    राजद स्थापना दिवस पर रोहिणी आचार्य का संदेश, बोलीं- ‘लालूवाद जनता के अधिकारों की लड़ाई का नाम’

    Share Add as a preferred…