भागलपुर : धारदार हथियार से हमला कर पत्नी की हत्या, पति हिरासत में

भागलपुर: गोपालपुर थाना क्षेत्र के रतनगंज (सुकटिया बाजार) में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां धारदार हथियार से हमला कर एक महिला की हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान मुंगिया देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, महिला गुरुवार सुबह घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली थी। स्थानीय लोगों ने परिजनों की मदद से उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतका और उसके पति जीवन हरिजन के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पति की दूसरी शादी को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था।

परिजनों के मुताबिक, बुधवार देर रात भी पति-पत्नी के बीच तीखा विवाद हुआ था। आरोप है कि गुरुवार सुबह शौच के बहाने महिला को घर के पीछे मूंग के खेत में ले जाकर पति ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।

मृतका की मां के आवेदन पर पति जीवन हरिजन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

गोपालपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • ये भी पढ़े..

    प्रेमी की कथित बेवफाई से आहत युवती मोबाइल टावर पर चढ़ी, बगहा में घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

    Share Add as a preferred…

    नरकटियागंज में एक बाइक पर छह लोग सवार, वीडियो वायरल होने के बाद सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल

    Share Add as a preferred…