नालंदा मॉब लिंचिंग पीड़ितों के घर पहुंचे चिराग पासवान, नौकरी और बच्चों की मुफ्त पढ़ाई का किया बड़ा ऐलान

नालंदा: बिहार के नालंदा जिले में मॉब लिंचिंग का शिकार हुए पासवान समाज के दो युवकों के परिजनों से मिलने केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान शुक्रवार को दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर गांव पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिया और इस घटना को बेहद दर्दनाक एवं अमानवीय बताया।

पीड़ित परिवार के लिए दो बड़ी घोषणाएं

चिराग पासवान ने पीड़ित परिवारों के लिए दो अहम घोषणाएं करते हुए कहा कि मृतकों के आश्रितों को नौकरी दिलाने की जिम्मेदारी उनकी पार्टी उठाएगी। इसके अलावा दोनों मृतकों के बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च भी लोजपा (रामविलास) वहन करेगी, ताकि परिवार पर आर्थिक बोझ न पड़े।

अमित शाह और मुख्यमंत्री से की बात

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और बाकी फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कानून व्यवस्था पर दिया बयान

राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों पर चिराग पासवान ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन सरकार किसी भी अपराधी को बख्शने वाली नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिलेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

15 जून को हुई थी मॉब लिंचिंग

गौरतलब है कि 15 जून को राजगीर मलमास मेले के दौरान चोरी के संदेह में दो युवकों की झुनकिया बाबा मंदिर के पास भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। 17 जून को घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की। अब तक इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें चार की गिरफ्तारी हुई है जबकि दो ने आत्मसमर्पण किया है।

पार्टी लगातार परिवार के साथ

चिराग पासवान ने बताया कि घटना के दिन से ही पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र मुकुट जिला प्रशासन के संपर्क में हैं। इससे पहले बिहार सरकार में मंत्री संजय पासवान और जमुई सांसद अरुण भारती भी पीड़ित परिवार से मिल चुके हैं। उन्होंने दोहराया कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पार्टी हर स्तर पर प्रयास करेगी।

  • ये भी पढ़े..

    पूर्वी चंपारण: वाटर पार्क परियोजना पर बढ़ा विवाद, जमीन बचाने सड़क पर उतरे किसान; सुधाकर सिंह ने सरकार को दी चेतावनी

    Share Add as a preferred…

    मेदांता अस्पताल पहुंचे अनंत सिंह, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव का जाना हाल, पेसमेकर इंप्लांट के बाद डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी

    Share Add as a preferred…