
पटना: राजधानी पटना के फतुहा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई जब युवक कथित तौर पर अपने साथियों के साथ खाना-पीना कर रहा था। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले फतुहा अस्पताल, फिर पीएमसीएच और बाद में पारस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान नवीन पासवान के रूप में
मृतक की पहचान नया टोला दरियापुर गांव निवासी श्रवण पासवान के पुत्र नवीन पासवान के रूप में हुई है। घटना फतुहा थाना क्षेत्र के फैक्ट्री मोड़ स्थित ट्रेंड्स शोरूम के सामने मस्जिद के खाली प्लॉट में हुई।
खाना-पीने के दौरान मारी गई गोली
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नवीन अपने एक या अधिक साथियों के साथ बैठकर खाना-पीना कर रहा था। इसी दौरान किसी ने बेहद करीब से उसके गले में गोली मार दी। गोली गले को पार करते हुए दूसरी ओर निकल गई।
घटनास्थल से पुलिस ने प्लास्टिक का टिफिन और कुरकुरे का खाली पैकेट बरामद किया है, जिससे वहां खाना-पीना होने की पुष्टि होती है। हालांकि मौके से शराब की बोतल नहीं मिली है। पुलिस को आशंका है कि वारदात के बाद उसे हटा दिया गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से नवीन को पहले फतुहा अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीएमसीएच रेफर किया गया। बाद में परिजन उसे पारस अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच
घटना की सूचना मिलते ही फतुहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जब्त कर हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान में जुटी है।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों तक जल्द पहुंचा जा सके।
एसडीपीओ बोले— हर पहलू से जांच जारी
फतुहा के एसडीपीओ अवधेश कुमार ने बताया कि अभी हत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।


