
रोहतास: बिहार के रोहतास जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। वर्ष 2021 में हुए चर्चित कल्लू खान हत्याकांड की प्रत्यक्षदर्शी और मुख्य गवाह रानी खातून (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई है। सबसे अहम बात यह है कि उन्हें 7 जुलाई को सासाराम कोर्ट में इस मामले में गवाही देनी थी। गवाही से ठीक पहले हुई इस हत्या ने पूरे मामले को नया और गंभीर मोड़ दे दिया है।
पहले पति की हत्या, अब पत्नी भी बनी शिकार
मृतका की पहचान रानी खातून, पत्नी स्वर्गीय फिरोज खान उर्फ कल्लू खान के रूप में हुई है।
कल्लू खान की 13 नवंबर 2021 को पंचायत चुनाव के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बदमाशों ने उन्हें 13 गोलियां मारी थीं। उस हत्याकांड की प्रत्यक्षदर्शी उनकी पत्नी रानी खातून थीं, जिनकी गवाही अब अदालत में होनी थी।
पति के हत्यारोपित पर परिजनों का शक
कल्लू खान हत्याकांड में शिवसागर थाना क्षेत्र के इजहार खान को आरोपी बनाया गया था। वह लगभग चार वर्ष जेल में रहने के बाद हाल ही में जमानत पर बाहर आया था।
अब रानी खातून की हत्या के बाद परिजनों ने सीधे उसी पक्ष पर संदेह जताया है।
फोन आने के बाद घर से निकली, फिर नहीं लौटी
पति की हत्या के बाद रानी खातून अपने मायके डालमियानगर के मकराईन मोहल्ला में रह रही थीं।
परिजनों के अनुसार, 27 जून को उनके मोबाइल पर एक फोन आया। बातचीत के बाद वह घर से निकलीं और फिर वापस नहीं लौटीं।
काफी तलाश के बाद उनके बेटे फरहान खान ने डालमियानगर थाना में अपहरण की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।
‘आरोपी की भतीजी का आया था फोन’
मृतका के बेटे का आरोप है कि घटना से पहले आरोपी इजहार खान की भतीजी लवली खातून का फोन उनकी मां के पास आया था।
इसके अगले दिन वह घर से निकलीं और फिर उनका कोई पता नहीं चला।
नहर से मिला शव, गले में बंधी थी रस्सी
जांच के दौरान औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र स्थित टेंगरा नहर से रानी खातून का शव बरामद हुआ।
परिजनों का आरोप है कि उनकी गला घोंटकर हत्या की गई। शव के गले में रस्सी बंधी हुई मिली, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है।
मां बोलीं— गवाही रोकने के लिए बेटी की हत्या की गई
मृतका की मां दिलारा निशा ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या इसलिए की गई ताकि वह अदालत में गवाही न दे सके।
उन्होंने दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग करते हुए कहा कि यह पूरी तरह सुनियोजित हत्या है।
दो जिलों की पुलिस जांच में जुटी
रोहतास और औरंगाबाद पुलिस संयुक्त रूप से पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रानी खातून को बारुण तक कैसे ले जाया गया, हत्या किसने की और क्या इस वारदात का सीधा संबंध कल्लू खान हत्याकांड में होने वाली उनकी गवाही से है।
एसपी बोले— जल्द होगा खुलासा
रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।


